क्रिकेट

Champions Trophy 2025, IND vs NZ: गजब संयोग, न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली ने खेला था 200वां मैच, आज खेलने उतरेंगे 300वां मैच

Champions Trophy 2025, IND vs NZ, Virat kohli Big Achievement: चैम्पियंस ट्रॉफी का रोमांच रविवार को फिर से हाई होने वाला है। महामुकाबले के आखिरी लीग मुकाबले में दो बार की चैम्पियन टीम इंडिया का सामना एक बार की चैम्पियन न्यूजीलैंड टीम से होगा। यह मुकाबला विराट कोहली के लिए काफी स्पेशल है। इस मुकाबले में भी कोहली का बल्ला गरज सकता है।

Image

अक्षर पटेल के साथ विराट कोहली। (फोटो- AP)

Photo : AP

Champions Trophy 2025, IND vs NZ, Virat kohli Big Achievement: भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज का अपना अंतिम मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने जा रही है। यह विराट कोहली का 300वां वनडे मैच होगा। कोहली ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी अभूतपूर्व सफलता से एक नई मिसाल पेश की है और आज वह उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने 300 वनडे मैच खेले हैं। इस महत्वपूर्ण मील के पत्थर के साथ ही कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज से की जा रही है, जिन्होंने 463 वनडे मैच खेले थे और जो वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े रिकॉर्डधारी हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था 200वां मैच

विराट कोहली ने 2017 में भी न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 200वां वनडे मैच खेला था और इस मैच में उन्होंने शानदार शतक भी लगाया था। हालांकि, इस पारी के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट के 125 गेंदों में 121 रन की शानदार पारी के दम पर 280 रन का लक्ष्य न्यूजीलैंड को दिया था। इस पारी में विराट ने 9 चौके और 2 छक्के लगाए थे, लेकिन उनके अलावा भारत का कोई और बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। दिनेश कार्तिक 37 रन के साथ दूसरे सबसे बड़े स्कोरर थे। न्यूजीलैंड की टीम ने टॉम लैथम और रॉस टेलर के बेहतरीन प्रदर्शन के साथ इस लक्ष्य को 49 ओवरों में हासिल कर लिया।

कोहली का वनडे में विराट रिकॉर्ड

अब तक विराट कोहली ने 299 वनडे मैचों में 58.20 की औसत से 14,085 रन बनाए हैं, जिसमें 51 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 93.41 रही है और उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन है। वह कुमार संगकारा और सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने 463 वनडे मैचों में 18,426 रन बनाए थे, जबकि कुमार संगकारा ने 404 मैचों में 14,234 रन बनाए। कोहली ने अपने करियर में कई शानदार रिकॉर्ड बनाए हैं। वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं, उनके नाम 51 शतक हैं, और उन्होंने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उस मैच में सचिन भी मौजूद थे, और यह पल कोहली के लिए बेहद खास था।

बेहतरीन औसत हासिल किया है किंग कोहली

आंकड़ों की बात करें तो विराट कोहली ने 30 से अधिक पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में अब तक का सबसे बेहतरीन औसत (58.20) हासिल किया है। इसके अलावा, उन्होंने वनडे में 8,000 रन से लेकर 14,000 रन तक पहुंचने के सभी मील के पत्थर सबसे तेज तय किए हैं। विराट कोहली ने 8,000 रन 175 पारियों में, 9,000 रन 194 पारियों में, 10,000 रन 205 पारियों में, 11,000 रन 222 पारियों में, 12,000 रन 242 पारियों में, 13,000 रन 287 पारियों में और 14,000 रन 299 पारियों में बनाए। यह उनकी निरंतरता और प्रदर्शन का प्रमाण है।

विराट कोहली हैं 'चेज मास्टर'

विराट कोहली को 'चेज मास्टर' भी कहा जाता है, क्योंकि वह सफल रन-चेज के दौरान 105 मैचों में 99 पारियों में 89.59 की औसत और 96.74 की स्ट्राइक रेट से 5,913 रन बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2012 के एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन था, जो अब तक किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा शतक हैं कोहली के नाम 50 ओवर के विश्व कप के एक संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। 2023 में, उन्होंने 95.62 की औसत और 90.31 की स्ट्राइक रेट से 765 रन बनाए थे, जिसमें तीन शतक और छह अर्धशतक शामिल थे। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवार्ड भी मिला था।

कोहली को मिल चुका है आईसीसी ओडीआई प्लेयर ऑफ द डिकेड अवॉर्ड

विराट कोहली को 2011-2020 में आईसीसी ओडीआई प्लेयर ऑफ द डिकेड का अवॉर्ड मिला था और 2012, 2017, 2018, और 2023 में ओडीआई क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी मिला था, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा जीते गए सबसे अधिक आईसीसी अवॉर्ड्स हैं। कप्तान के रूप में, विराट कोहली ने 95 वनडे मैचों में टीम इंडिया को 65 मैचों में जीत दिलाई, जबकि 27 मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article