Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें दुबई के लिए रवाना होने वाली हैं। पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च को दुबई में खेला जाएगा। ग्रुप बी से दोनों टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने की पुष्टि तब हुई जब दक्षिण अफ्रीका ने कराची में इंग्लैंड को 179 रनों पर समेट दिया। अब यह तय होना बाकी है कि दुबई में भारत के खिलाफ कौन सी टीम खेलेगी। ऐसे में ऐहतियात के तौर पर दोनों टीमें दुबई जरूर जाएंगी लेकिन भारत-न्यूजीलैंड मैच के बाद एक टीम को वापिस पाकिस्तान आना पड़ेगा।
भारत की दुबई में सभी मैचों की होगी मेजबानी
भारतीय टीम ने पाकिस्तान और भारत के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण मेजबान देश पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था। इसके चलते, भारत अपने सभी मैच दुबई में खेल रहा है। भारतीय टीम 4 मार्च को दुबई में पहले सेमीफाइनल में भी उतरेगी।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की दुबई यात्रा
टीमों को दुबई की परिस्थितियों में ढलने के लिए पर्याप्त समय देने के लिए, आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने ग्रुप बी से क्वालीफाई करने वाली दोनों टीमों की उड़ान योजना पहले से तय कर दी थी। इंडिया टुडे को मिली जानकारी के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया 1 मार्च की दोपहर में दुबई के लिए रवाना हो गया, जबकि दक्षिण अफ्रीका 2 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बाद दुबई के लिए उड़ान भरेगा।
सेमीफाइनल फिक्स्चर का फैसला बाकी
सेमीफाइनल फिक्स्चर का फैसला 3 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच के बाद होगा। जो टीम भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलेगी, वह 3 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रशिक्षण सत्र में भाग लेगी। वहीं, जो टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलेगी, वह 5 मार्च को लाहौर में दूसरे सेमीफाइनल के लिए रवाना होगी। लाहौर सेमीफाइनल में भाग लेने वाली दोनों टीमों को 4 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में प्रशिक्षण सत्र की सुविधा दी जाएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच के बाद ग्रूप ए के नंबर एक और दो का फैसला होगा। वहीं ग्रूप बी से द.अफ्रीका का टॉप पर रहना लगभग तय है। ऐसे में भारत न्यूजीलैंड को हराती है तो उसका मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा।
