क्रिकेट

Wimbledon Mens Singles Final: कार्लोस अल्काराज़ की निगाह खिताबी हैट्रिक पर, पहली बार विंबलडन का सरताज बनना चाहेंगे यानिक सिनर

कार्लोस अल्कराज और यानिक सिनर के बीच विंबलडन 2025 के पुरुष एकल वर्ग में खिताबी भिड़ंत रविवार को होने जा रही है। अल्कराज की नजर खिताबी हैट्रिक पर है वहीं सिनर पहली बार विंबलडन खिताब अपने नाम करना चाहते हैं।

Image

यानिक सिरन बनाम कार्लोस अल्कराज (फोटो क्रेडिट AP)

लंदन: पिछले दो बार के विजेता कार्लोस अल्काराज़ रविवार को होने वाले विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के फाइनल में खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे जबकि उनके कट्टर प्रतिद्वंदी और विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ऑल इंग्लैंड क्लब में पहली बार चैंपियन बनने की कोशिश करेंगे। इस मैच में फ्रेंच ओपन के फाइनल की पुनरावृति होगी जिसमें अल्काराज़ ने पहले दो सेट गंवाने और तीन मैच प्वाइंट बचाकर जीत हासिल की थी। अल्काराज़ ने विंबलडन के शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में टेलर फ्रिट्ज़ को 6-4, 5-7, 6-3, 7-6 (6) से हराकर लगातार तीसरी विंबलडन चैंपियनशिप जीतने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।

इसके बाद सिनर की बारी आई और उन्होंने पूरी तरह से फिट नहीं दिख रहे नोवाक जोकोविच को 6-3, 6-3, 6-4 से हराकर पहली बार ऑल इंग्लैंड क्लब में फाइनल में प्रवेश किया। फ्रेंच ओपन के फाइनल के ठीक पांच सप्ताह बाद यह दोनों खिलाड़ी फिर से एक दूसरे के आमने सामने होंगे। फर्क सिर्फ इतना है कि फ्रेंच ओपन का फाइनल लाल बजरी पर खेला गया था जबकि विंबलडन का फाइनल ग्रास कोर्ट पर होगा।

अल्काराज़ ने फ्रेंच ओपन का फाइनल पांच घंटे 29 मिनट में जीता था और रविवार को यहां इन दोनों के बीच फिर से कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। स्पेन के इस खिलाड़ी ने स्वीकार किया कि वह उनके करियर का सबसे कड़ा मैच था। उन्होंने कहा,'यह अब तक का मेरा सबसे अच्छा मैच था। मुझे इस बात से कोई हैरानी नहीं है कि उसने मुझे मेरी आखिरी सीमा तक धकेल दिया। उम्मीद है कि रविवार को मैं अपनी सीमा में रहूंगा। यह एक शानदार फाइनल होगा और मैं इसमें खेलने के लिए उत्साहित हूं। मैं बस यही उम्मीद करता हूँ कि मुझे फिर से कोर्ट पर साढ़े पांच घंटे न बिताने पड़ें, लेकिन अगर इसकी जरूरत पड़ी तो मैं इसके लिए तैयार हूं'

इटली के खिलाड़ी सिनर को भी उम्मीद है कि यह रोमांचक फाइनल होगा। सिनर ने कहा,'उम्मीद है कि यह मैच भी पिछले मैच की तरह रोमांचक होगा। मुझे नहीं पता कि यह और बेहतर होगा या नहीं, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि यह संभव है।' अल्काराज का ग्रैंड स्लैम फ़ाइनल में रिकॉर्ड 5-0 है। सिनर के नाम पर तीन ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। अल्काराज़ विंबलडन में लगातार 24 मैच जीत चुके हैं और वह इस संख्या में इजाफा करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच अभी तक जो 12 मैच खेले गए हैं उनमें से अल्काराज़ ने आठ और सिनर ने चार मैच जीते हैं। अल्काराज़ ने हालांकि इटली के खिलाड़ी के खिलाफ पिछले पांचों मुकाबले जीते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article