क्रिकेट

IPL Auction 2026: कैमरन के ग्रीन सिग्नल से ऑक्शन में उन्हें खरीदने के लिए टूट पड़ेंगी टीमें

IPL Auction 2026: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने अपने रोल को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने रविवार को बताया कि वह आईपीएल 2026 में गेंदबाजी करने के लिए भी पूरी तरह से फिट हैं।

Image

कैमरन ग्रीन (साभार-IPL)

IPL Auction 2026: आईपीएल ऑक्शन 2026 से पहले कैमरन ग्रीन ने कुछ ऐसा कहा है जिससे उनके खरीददारों में अचानक बढ़ोतरी हो जाएगी। जब ऑक्शन में 48 घंटे से भी कम का वक्त बचा है ऐसे में ग्रीन ने अपने रोल को लेकर जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने रविवार को साफ किया कि वह इंडियन प्रीमियर लीग में गेंदबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने साफ किया कि उनके मैनेजर की ‘गड़बड़ी’ की वजह से उन्हें अगले हफ्ते होने वाली छोटी नीलामी में गलती से बल्लेबाज के तौर पर पंजीकृत कर दिया गया।

पीठ की सर्जरी से उबरने के कारण 2025 सत्र से बाहर रहे 26 साल के ग्रीन जून में एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे थे। हालांकि इसके बाद उन्हें गेंदबाजी करने की इजाजत मिल गई है और वह ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज श्रृंखला में गेंदबाजी कर रहे हैं। ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ ने ग्रीन के हवाले से कहा, ‘‘मैं गेंदबाजी के लिए तैयार रहूंगा। मुझे नहीं पता कि मेरे मैनेजर यह सुनना चाहेंगे या नहीं लेकिन उनकी तरफ से गड़बड़ी हुई थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका मतलब ‘बल्लेबाज’ कहना नहीं था। मुझे लगता है कि उन्होंने गलती से ऐसा कर दिया। असल में यह उनकी तरफ से एक गड़बड़ी थी।’’

लंबे कद के ऑलराउंडर ग्रीन ने 2023 में मुंबई इंडियंस और 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व किया था। वह नीलामी में हिस्सा लेने वाले सबसे बड़े नामों में से हैं और उनके लिए भारी-भरकम बोली लगने की उम्मीद है। ग्रीन का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है। उन्हें ऑलराउंडर की जगह बल्लेबाजों के वर्ग में सूचीबद्ध किया गया है। नीलामी मंगलवार को अबू धाबी में होगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article