क्रिकेट

राशिद खान को लेकर किताब में हुआ बड़ा खुलासा, ठुकरा दी थी भारत और इस देश से मिली नागरिकता की पेशकश

राशिद खान को लेकर एक बड़ा खुलासा एक किताब में हुआ है कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया से मिली नागरिकता का ऑफर ठुकरा दिया था। जानिए क्या है वजह?

Image

राशिद खान (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के करिश्माई लेग स्पिनर राशिद खान से अनौपचारिक तौर पर एक नहीं बल्कि दो देशों ने संपर्क किया था और उन्हें नागरिकता के साथ-साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका देने की पेशकश की थी जिनमें भारत भी शामिल था लेकिन इस स्टार क्रिकेटर ने इन प्रस्तावों को ठुकरा दिया। राशिद ने इसके बजाय अपने वतन के प्रति वफादार रहना चुना और यह बात एक नयी किताब में सामने आई है।

राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ में हुआ खुलासा

एक किताब ’राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ में इस ऑलराउंडर ने लेखक मोहम्मद हांद जाफर को बताया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने ही उन्हें इस तरह के प्रस्ताव दिए थे जिन्हें उन्होंने अस्वीकार कर दिया। यह किताब सोमवार को रिलीज होगी। किताब में खान के हवाले से कहा गया है,'मुझे ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों ही देशों से इस तरह के प्रस्ताव (नागरिकता और खेलने के) मिले थे। लेकिन मैंने उनसे कहा, 'अगर मैं अपने देश के लिए नहीं खेलूंगा तो मैं किसी और देश के लिए भी नहीं खेलूंगा'। '

साल 2023 में मिला था भारतीय नागरिकता का ऑफर

हालांकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पेशकश के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया है। लेकिन 27 वर्षीय इस क्रिकेटर ने 2023 इंडियन प्रीमियर लीग सत्र के दौरान भारत से मिली पेशकश के बारे में विस्तार से बताया है। राशिद इस समय आईपीएल में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम के एक अधिकारी ने उन्हें सूचित किया था कि ’भारतीय क्रिकेट बोर्ड का एक शीर्ष अधिकारी’ उनसे मिलना चाहते है।

अफगानिस्तान के लिए खेलने के ठुकराया ऑफर

राशिद ने किताब में यह घटना बताते हुए कहा,'मैं उनके पास गया और नमस्ते किया। हम बात करने लगे और उन्होंने कहा, 'तुम्हारे देश (अफगानिस्तान) की स्थिति बहुत खराब है। भारत आकर रहो। हम तुम्हें भारतीय दस्तावेज देंगे, यहां रहो, यहां क्रिकेट खेलो’। उनकी बात सुनकर मैं हैरान रह गया और समझ नहीं आया कि क्या कहूं। लेकिन मैंने मुस्कुराकर कहा,'आपका बहुत धन्यवाद। मैं अपने देश अफगानिस्तान के लिए खेल रहा हूं।' उनकी अपने देश अफगानिस्तान के प्रति वफादारी पहले भी कई बार सुर्खियों में रही है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article