क्रिकेट

T20 WC Final: बेथ मूनी ने फाइनल में अर्धशतक जड़ रचा इतिहास, बनीं ऐसा करने वाली पहली प्लेयर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 26, 2023, 08:36 PM IST

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में घमाकेदार अर्धशतक जड़कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया।

Image

बेथ मूनी

Photo : AP

केपटाउन: ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए पारी की शुरुआत करने उतरीं मूनी ने 44 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और महिला टी20 विश्व कप इतिहास में फाइनल मुकाबले में दो अर्धशतक जड़ने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनीं। मूनी ने 53 गेंद में 74 रन की पारी खेली और अपनी टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 156 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

लगातार दूसरे टी20 विश्व कप फाइनल में जड़ा पचासा

बेथ मूनी ने साल 2020 में महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत के खिलाफ 78 रन की नाबाद पारी खेली थी। इस बार वो 74 रन बनाकर नाबाद रहीं। मूनी ने अपनी पारी में 9 चौके और 1 छक्का जड़ा। उन्होंने 139.62 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अपनी टीम को सुरक्षित स्कोर तक पहुंचाया।

नहीं कर पाईं अपने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

बेथ मूनी के नाम महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 74 रन की पारी खेलकर वो अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गईं। साल 2020 में भारत के खिलाफ नाबाद 78(54) रन की पारी खेलकर उन्होंने अपने नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड किया था। उसी मैच में 39 गेंद में 75 रन की पारी खेलने वाली एलिसा हीली इस सूची में दूसरे पायदान पर हैं। रविवार को अपनी अर्धशतकीय पारी के साथ विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में मूनी पहले के साथ-साथ तीसरे पायदान पर भी पहुंच गई हैं।

लगातार दूसरी बार विश्व कप में मचाया बल्ले से धमाल

बेथ मूनी का लगातार दूसरी बार महिला टी20 विश्व कप में प्रदर्शन शानदार रहा है। टूर्नामेंट के 6 मैच की 6 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए मूनी ने 51.50 के शानदार औसत और 117.71 के स्ट्राइक रेट से 206 रन बनाए हैं। टूर्नामेंट में खबर लिथे जाने तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में वो इंग्लैंड की नताली स्कीवर(216) के बाद दूसरे स्थान पर थीं। साल 2020 में मूनी ने विश्व कप में 6 मैच में 64.75 के औसत और 125.12 के स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए थे। दोनों ही बार उनके बल्ले से 3-3 अर्धशतक निकले।

लेनिंग के साथ स्पेशल क्लब में हुईं शामिल

बेथ मूनी टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक जड़ने वाली दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। मेग लेनिंग ने साल 2016 में आयोजित विश्व कप में ऐसा किया था। वहीं बेथ मूनी उनके नक्श-ए-कदम पर चलते हुए सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक जड़ने में सफल हुईं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article