क्रिकेट

Bengaluru Stampede: बेंगलुरू में मची भगदड़ के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई RCB, 10 लाख की आर्थिक सहायता का किया ऐलान

RCB Helps Bengaluru Stampede Deceased: रॉयल चैलेंजर्स बेंंगलुरू की टीम ने बेंगलुरू में मची भगदड़ के पीड़ितों की मदद के लिए कदम आगे बढ़ाया है। टीम मैनेजमेंट ने 10 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है साथ ही एक फंड भी बनाने की बात कही है।

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू भगदड़ (फोटो- PTI)

RCB Helps Bengaluru Stampede Deceased: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपने घर पहुंची रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम का सारा सेलिब्रेशन फीका पड़ गया जब चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और जिसके चलते 11 लोगों की मौत हो गई वहीं 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना के बाद RCB को आलोचना का सामना करना पड़ा क्योंकि आयोजन स्थल के बाहर की स्थिति के बावजूद स्टेडियम के अंदर जश्न जारी रहा। फ्रेंचाइजी ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और दावा किया है कि स्थिति से अवगत होने के बाद उन्होंने त्वरित कार्रवाई की। वहीं टीम मैनेजमेंट ने पीड़ितों की मदद के लिए भी हाथ आगे बढ़ाया है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम ने इस भगदड़ में मृत हुए 11 लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है और इसके साथ ही एक आरसीबी केयर नाम के एक फंड को भी निर्मित किया है जिसके द्वारा इस घटना में घायल हुए पीड़ितों की मदद की जाएगी।

आरसीबी ने जारी किया बयान

आरसीबी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए लिखा है कि 'बेंगलुरु में कल हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुँचाया है। सम्मान और एकजुटता के प्रतीक के रूप में, आरसीबी ने मृतकों के ग्यारह परिवारों में से प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए आरसीबी केयर्स नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है।हम जो कुछ भी करते हैं, उसके केंद्र में हमारे प्रशंसक हमेशा रहेंगे। हम दुख में एकजुट हैं'

भव्य सेलिब्रेशन की थी योजना

शहर में भव्य समारोह की योजना बनाई गई थी, जिसमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री के साथ बैठक के साथ-साथ टीम के सम्मान समारोह के लिए प्रतिष्ठित चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रवेश करने से पहले एक खुली बस परेड भी शामिल थी।हालांकि, स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 11 लोगों के मारे जाने की आशंका है और कई अन्य घायल हो गए।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article