क्रिकेट

Champions Trophy 2025: राजीव शुक्ला की पाकिस्तान को दो टूक, जो सरकार कहेगी वही करेंगे

Champions Trophy 2025: पाकिस्तान की मेजबानी में अगले साल 2025 में चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान में होगा भी या नहीं, टीम इंडिया भाग लेगी या नहीं इन तमाम सवालों को लेकर चीजें स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसी बीच, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो सरकार कहेगी वही करेंगे।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Twitter)

Photo : Times Now Digital

Rajeev Shukla Statement, Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अगले साल होना है। हालांकि, यह टूर्नामेंट अब पाकिस्तान में होगा भी या नहीं और टीम इंडिया इसमें भाग लेगी या नहीं, इन तमाम सवालों को लेकर चीजें स्पष्ट नहीं हो पाई है। एक तरफ भारत ने पाकिस्तान दौरे के लिए साफ इंकार कर दिया है, जबकि पाकिस्तान हाइब्रिड मॉडल के लिए तैयार नहीं है। इस बीच बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी राजीव शुक्ला ने पीसीबी की टेंशन और बढ़ा दी है।

आईएएनएस के साथ खास बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, "पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा हमारी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर जो विवाद चल रहा है, उसमें हम अपना पक्ष पहले ही साफ कर चुके हैं। भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर बीसीसीआई का नियम स्पष्ट है। जो केंद्र सरकार की नीति है, हम उसका पालन करेंगे। हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे ज्यादा जरूरी है और हमने यह बात आईसीसी के सामने भी रख दी है।"

भारत और पाकिस्तान राजनीतिक तनाव के कारण द्विपक्षीय सीरीज भी नहीं खेलते हैं। दोनों देश केवल आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद के इवेंट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हैं। भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2006 में पाकिस्तान का दौरा किया था। चैंपियंस ट्रॉफी में आठ टीमों को भाग लेना है। इनमें अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। टीमों को चार-चार के दो ग्रुपों में प्रतिस्पर्धा करनी है, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा।

पीसीबी ने 19 फरवरी से 9 मार्च तक पूरे चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान में करने का फैसला किया है। सुरक्षा व्यवस्था को आसान बनाने के लिए भारत के सभी मैच लाहौर में आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है, जो भारतीय सीमा के पास का शहर है। भारत ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद से पाकिस्तान में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। भारत पिछले साल एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं गया था और उसके मैच श्रीलंका में खेले गए थे। हालांकि, पाकिस्तान की टीम वनडे विश्व कप 2023 खेलने के लिए भारत आई थी।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article