भारतीय कप्तान, रोहित शर्मा की कप्तानी और फिटनेस के स्तर पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद को अब बीसीसीआई ने जवाब दिया है। बीसीसीआई की ओर से सचिव वजीत सैकिया ने रोहित का बचाव करते हुए इस पूरे प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा 'ऐसे में जबकि भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही है, एक जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह का ‘ओछा’ बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी में दुबई में मंगलवार को आस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल खेलेगी।
सैकिया ने पीटीआई से कहा,‘‘ यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक जिम्मेदार व्यक्ति ऐसा ओछा बयान दे रहा है, जब टीम इतना महत्वपूर्ण आईसीसी टूर्नामेंट खेल रही है। इससे व्यक्ति या टीम का मनोबल गिर सकता है।’’
उन्होंने कहा,‘‘ सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और नतीजे सामने हैं। उम्मीद है कि लोग प्रचार पाने के लिये राष्ट्रहित को ताक पर रखकर इस तरह की ओछी बयानबाजी से बाज आयेंगे।’’ इससे पहले शमा ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट से सोशल मीडिया में बवाल खड़ा कर दिया। कांग्रेस ने स्वीकार किया कि उन्होंने मर्यादा का उल्लंघन किया है और पार्टी ने उनसे पोस्ट डिलीट करने के लिये भी कहा।
शमा ने अपनी पोस्ट में कहा था कि शर्मा ‘‘एक खिलाड़ी होने के लिहाज से मोटे हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा था, ‘‘उन्हें वजन कम करने की जरूरत है! ... और निश्चित रूप से भारत का अब तक का सबसे अप्रभावी कप्तान।’’हालांकि, फिटनेक को छोड़ दिया जाए तो रोहित, धोनी के बाद दूसरे सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं। बीते कुछ सालों में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला है। इसके अलावा 2024 में टीम टी20 फॉर्मेट में वर्ल्ड चैंपियन भी रही है। ऐसे में भारतीय टीम के कप्तान को लेकर इस तरह का बयान किसी भी तरह से सही नहीं है।
