क्रिकेट

BCCI सचिव ने देश की सबसे बड़ी इंडोर क्रिकेट फैसिलिटी का किया उद्घाटन, खिलाड़ी बारिश में भी कर सकेंगे प्रैक्टिस

ACA Cricket Academy Indoor Facility: खिलाड़ियों को बेहतरीन ट्रेनिंग देने के लिए यहां इम्पोर्टेड यूनीटर्फ पिच लगाई गई है, जिससे अलग-अलग तरह की पिचों पर अभ्यास किया जा सकेगा। इसके अलावा अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया से दो स्पिन बॉलिंग मशीन और एक फास्ट बॉलिंग मशीन भी मंगवाई गई है।

Image

फदेश की सबसे बड़ी इंडोर क्रिकेट फैसिलिटी (फोटो साभार- @lonsaikia)

ACA Cricket Academy Indoor Facility: असम के क्रिकेट को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानि BCCI ने एक बड़ा कदम उठाया है। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने नॉर्थ गुवाहाटी के फुलुंग स्थित ACA क्रिकेट एकेडमी में 17,000 स्क्वायर फीट में बनी अत्याधुनिक इंडोर क्रिकेट फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने इसे देश की सबसे बड़ी इंडोर प्रैक्टिस सुविधाओं में से एक बताया।

सैकिया ने कहा कि इस फैसिलिटी के बनने से असम के क्रिकेटर अब मौसम की बाधा के बिना पूरे साल अभ्यास कर सकेंगे। पहले गर्मी और बरसात के मौसम में आउटडोर प्रैक्टिस में दिक्कत आती थी, लेकिन अब खिलाड़ी बिना किसी रुकावट के तैयारी कर पाएंगे। इससे उन्हें BCCI के घरेलू टूर्नामेंटों के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।

स्पिन और पेस के लिए अलग व्यवस्था

इस इंडोर सेंटर की सबसे बड़ी खासियत इसके 9 प्रैक्टिस विकेट हैं। इनमें 4 विकेट स्पिन गेंदबाजी के लिए और 5 विकेट तेज गेंदबाजी के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। उद्घाटन के बाद ANI से बातचीत में सैकिया ने कहा, "9 प्रैक्टिस विकेट इस फैसिलिटी का सबसे अहम हिस्सा हैं, जो स्पिनर और तेज गेंदबाज दोनों की जरूरतों को पूरा करेंगे।"

विदेश से मंगवाई गई मशीनें और वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

खिलाड़ियों को बेहतरीन ट्रेनिंग देने के लिए यहां इम्पोर्टेड यूनीटर्फ पिच लगाई गई है, जिससे अलग-अलग तरह की पिचों पर अभ्यास किया जा सकेगा। इसके अलावा अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया से दो स्पिन बॉलिंग मशीन और एक फास्ट बॉलिंग मशीन भी मंगवाई गई है। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इस सेंटर में 1,500 स्क्वायर फीट का आधुनिक जिम, फिजियोथेरेपी रूम, प्री-हैब और रिहैब सेंटर और स्पोर्ट्स साइंस मेडिसिन की सुविधाएं हैं। खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग पुरुष और महिला चेंजिंग रूम बनाए गए हैं, जिनमें आइस बाथ की सुविधा है। साथ ही सौना और स्टीम रूम भी उपलब्ध है।

सैकिया ने कहा कि यह फैसिलिटी खिलाड़ियों को क्रिकेट स्किल्स पर काम करने के साथ-साथ फिटनेस और रिकवरी पर ध्यान देने का एक संपूर्ण माहौल देगी, जिसका लक्ष्य उन्हें बड़े स्तर की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर ACA सचिव सनातन दास, कोषाध्यक्ष अनुपम डेका और एपेक्स काउंसिल सदस्य मुकुतानंद भट्टाचार्य सहित कई अधिकारी मौजूद थे। यह नई इंडोर फैसिलिटी असम के युवा क्रिकेटरों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article