क्रिकेट

बीसीसीआई ने लिया घरेलू क्रिकेटरों की किस्मत बदलने वाला फैसला, करोड़पती बनने का मौका

बीसीसीआई ने 94वें एजीएम मीटिंग में घरेलू क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है, जिसके बारे में हरभजन सिंह ने जानकारी दी है। इन नए कदम के तहत ज्यादा घरेलू मैच खेलने वाले खिलाड़ियों को बीसीसीआई अतिरिक्त मैच फीस देगी।

Image

हरभजन सिंह (साभार-X)

बीसीसीआई के 94वें एजीएम मीटिंग में कई बड़े फैसले लिए गए। इन फैसलों में सबसे बड़ा फैसला घरेलू क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए लिया, जिसके बारे में पूर्व स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने मीटिंग के बाद खुलासा किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेटरों को एक सीज़न में ज्यादा मैच खेलने पर आर्थिक रूप से पुरस्कृत करने के लिए एक ऐतिहासिक 'इंसेंटिव स्कीम' शुरू की है। यह फैसला मुंबई में बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान लिया गया। हरभजन इस बैठक में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल थे।

मीटिंग के बाद हरभजन ने कहा, "यह तय किया गया है कि अगर कोई खिलाड़ी एक सीजन में ज्यादा घरेलू मैच खेलता है, तो उसे ज्यादा पैसे मिलेंगे। यह टीमों को घरेलू टूर्नामेंटों के फाइनल में पहुंचने के लिए एक प्रोत्साहन होगा।" उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों को दी जाने वाली यह रकम उनके करियर के लिए गेम चेंजिंग साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि अगर कोई क्रिकेटर एक सीज़न में 14 फर्स्ट क्लास मैच खेलता है, तो उसे एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त मैच फीस मिलेगा। हरभजन ने कहा कि इस फैसले से घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों की भागीदारिता बढ़ेगी।

बीसीसीआई के नए अध्यक्ष की दी शुभकामनाएं

हरभजन ने बीसीसीआई के नए अध्यक्ष मिथुन मन्हास को भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा ‘‘जब कोई क्रिकेटर किसी क्रिकेट संस्था का प्रमुख होता है तो उसके अनुभव और अन्य गुणों से मदद मिलती है। यह एक अच्छा फैसला है और पिछले तीन कार्यकाल से ऐसा हो रहा है जो क्रिकेटरों के लिए और खेल को कुछ वापस देने के लिए उनके लिए भी एक शानदार चीज है।’’

हरभजन ने कहा, ‘‘बीसीसीआई ने इसकी शुरुआत की है और किसी भी क्रिकेटर के लिए इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती कि वह खेल को कुछ वापस दे सके। मैंने अंडर-19 के दिनों से मिथुन के साथ काफी क्रिकेट खेला है और मैं उनके लिए बहुत खुश हूं।’’ हरभजन ने यह भी उम्मीद जताई कि मन्हास देश भर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि एक क्रिकेटर के रूप में उन्हें जो सुविधाएं (शायद) नहीं मिलीं या वे उस मुकाम (करियर में) तक नहीं पहुंच पाए, उन्होंने अपने जीवन में अब तक जो कुछ भी सीखा है, उससे वह ऐसा काम करेंगे कि कोई भी युवा क्रिकेटर बुनियादी ढांचे की कमी के कारण पीछे नहीं छूट जाए।’’

हरभजन ने कहा, ‘‘देश भर में काफी विकास हो रहा है। नई जगहों पर नए मैदान बन रहे हैं और क्रिकेट छोटे-छोटे स्थलों पर खेला जा रहा है। इसका श्रेय बीसीसीआई को जाता है और मुझे उम्मीद है कि मिथुन इसी विरासत को आगे बढ़ाएंगे और शानदार काम करेंगे।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article