क्रिकेट

IPL 2027 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करने जा रहा BCCI, इस महीने हो सकता है शुरू

IPL 2027: बीसीसीआई सचिव का मानना है कि मई के आखिरी हफ्तों में देश के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री के पार चला जाता है। इतनी भयंकर गर्मी में खिलाड़ियों के लिए दोपहर और शाम के मैच खेलना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा भीषण गर्मी में मैच खेलने से खिलाड़ियों के डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

Image

IPL 2027 के शेड्यूल में हो सकता है बदलाव (BCCI)

IPL 2027: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड IPL 2027 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस बाबत जानकारी दी है। दरअसल, यह बदलाव IPL के शुरू होने के समय को लेकर है। अभी तक हर साल IPL मार्च के आखिरी हफ्ते में शुरू होता है और मई महीने के आखिर तक चलता है। हालांकि, अब बीसीसीआई चाहता है कि आने वाले सीजन में IPL 10 मार्च के आसपास शुरू हो जाएं और 15 मई तक खत्म कर दिए जाएं। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने PTI को दिए इंटरव्यू में इस बात की जानकारी दी है।

बीसीसीआई सचिव ने दी जानकारी

बीसीसीआई सचिव का मानना है कि मई के आखिरी हफ्तों में देश के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री के पार चला जाता है। इतनी भयंकर गर्मी में खिलाड़ियों के लिए दोपहर और शाम के मैच खेलना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा भीषण गर्मी में मैच खेलने से खिलाड़ियों के डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ हीस्टेडियम में बैठे हजारों दर्शकों के लिए भी यह मौसम ठीक नहीं है। इसके अलावा मई के आखिरी हफ्तों में बारिश भी मैचों में खलल डालती है। 15 मई के बाद देश में प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू हो जाती है। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु जैसे शहरों में अचानक तेज बारिश से मैच धुल जाते हैं या बार-बार रुकते हैं। इस साल भी IPL के कई मैचों पर बारिश का असर पड़ा था। BCCI नहीं चाहता कि मौसम IPL में विलेन बने।

शेड्यूल बदलना इतना आसान भी नहीं

सैकिया ने बताया कि इस साल IPL 28 मार्च को शुरू हुआ और 31 मई को फाइनल खेला गया। बोर्ड का मानना है कि अगर टूर्नामेंट 15 मई तक निपटा दिया जाए तो न गर्मी सताएगी और न बारिश का डर रहेगा। इससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर होगा और फैंस भी आराम से स्टेडियम आकर मैच देख पाएंगे। हालांकि, IPL का शेड्यूल बदलना इतना आसान भी नहीं है। IPL के लिए दो महीने की विंडो चाहिए होती है। इसी दौरान इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका जैसी टीमों की सीरीज भी चलती हैं। BCCI को ICC और दूसरे क्रिकेट बोर्ड्स से बात करके ऐसा रास्ता निकालना होगा जिससे इंटरनेशनल कैलेंडर न टकराए। IPL गवर्निंग काउंसिल में इस पर लगातार मीटिंग हो रही हैं। BCCI साफ कर चुका है कि टूर्नामेंट का फॉर्मेट या टीमों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। सिर्फ तारीखों को आगे खिसकाया जाएगा। अगर यह प्लान कामयाब रहता है तो अगले सीजन मार्च की शुरुआत में ही IPL का रोमांच देखने को मिल सकता है।

मैचों की संख्या बढ़ाने का नहीं कोई विचार

सैकिया ने यह भी कहा कि IPL को दो महीने से आगे बढ़ाना बहुत मुश्किल होगा क्योंकि अन्य देशों को भी द्विपक्षीय मैच खेलने होते हैं। इसलिए इस समय मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने के बारे में किसी तरह की चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, 'आने वाले वर्षों में स्थिति क्या होगी यह मैं नहीं जानता, लेकिन फिलहाल मुझे मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने की कोई संभावना नजर नहीं आती, क्योंकि इसके लिए न केवल भारत, बल्कि आईसीसी के अन्य क्रिकेट खेलने वाले देशों, विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के हितों को भी ध्यान में रखना होगा।'

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article