क्रिकेट

बीसीसीआई ने शुरू की सेंटर ऑफ एक्सिलेंस के लिए नए कोचों की तलाश, मांगे आवेदन

बीसीसीआई ने बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सिलेंस के लिए कोच सहित कई अहम पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। जानिए कौन से पद हैं खाली?

Image

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (फोटो क्रेडिट BCCI)

बेंगलुरू: मशहूर गेंदबाजी कोच ट्रॉय कूली समेत पुराने कोचों के जाने के बाद बीसीसीआई अपने उत्कृष्टता केंद्र (सीओई)के लिये नये कोचिंग स्टाफ की तलाश में है और गेंदबाजी, बल्लेबाजी, खेल विज्ञान और मेडिसिन विभाग में शीर्ष पदों के लिये आवेदन मंगवाये गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रथम श्रेणी तेज गेंदबाज और इंग्लैंड के एशेज विजेता गेंदबाजी कोच कूली का बीसीसीआई के साथ तीन साल का करार खत्म हो गया था और वह कार्यकाल में विस्तार पर थे। 59 वर्ष के कूली को 2021 के आखिर में एनसीए का गेंदबाजी कोच बनाया गया था।

उनकी जगह भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वीआरवी सिंह ले सकते हैं जिन्होंने कूली के साथ काम किया है। मेडिकल टीम के प्रमुख नितिन पटेल समेत स्टाफ के कई सदस्यों के जाने के बाद कई पद रिक्त हैं । पटेल ने मार्च में पद से इस्तीफा दिया था । स्पिन गेंदबाजी कोच साइराज बहुतुले भी जा चुके हैं और अब राजस्थान रॉयल्स के सहयोगी स्टाफ में हैं । एनसीए के एक और कोच सितांशु कोटक राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ चुके हैं ।

भारत के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण का सीओई प्रमुख के तौर पर कार्यकाल इस साल के आखिर में खत्म हो रहा है और समझा जाता है कि वह इसका नवीनीकरण कराना नहीं चाहते । ऐसी संभावना है कि उन्हें 2027 वनडे विश्व कप तक पद पर बने रहने के लिये बोला जाये। बीसीसीआई ने बृहस्पतिवार को तीन प्रमुख पदों के लिये इश्तेहार दिया जिसमें कहा गया है कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच के पद के लिये उम्मीदवार पूर्व प्रथम श्रेणी या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होना चाहिये जिसके पास बीसीसीआई लेवल दो या तीन का कोचिंग सर्टिफिकेट हो।

बल्लेबाजी कोच के पद के लिये न्यूनतम पांच साल का प्रदेश या एलीट युवा स्तर पर कोचिंग अनुभव मांगा गया है । वहीं गेंदबाजी कोच के लिये भी इतना अनुभव जरूरी है । खेल मेडिसिन प्रमुख के पद के लिये उम्मीदवार के पास खेल विज्ञान या संबंधित विषय में मास्टर्स (डॉक्टरेट को तरजीह) और न्यूनतम पांच साल का अनुभव होना चाहिये। आवेदन भेजने की आखिरी तारीख 20 अगस्त है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article