क्रिकेट

Harry Brook Banned: आईपीएल से पहले इस खिलाड़ी पर चला बीसीसीआई का चाबुक, 2 साल के लिए हुआ बैन

Harry Brook Banned: जिस बात का डर था वही हुआ, बीसीसीआई ने सख्ती से इंग्लैंड के खिलाड़ी हैरी ब्रूक के खिलाफ एक्शन लेते हुए उन्हें दो साल के लिए आईपीएल से बैन कर दिया था। ब्रूक ने आखिरी वक्त पर आईपीएल से अपना नाम वापस ले लिया था।

Image

हैरी ब्रूक (साभार-X)

Harry Brook Banned: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज हैरी ब्रूक को दो साल के लिए आईपीएल से निलंबित कर दिया है। इसके बारे में बीसीसीआई ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) को सूचित कर दिया है। बीसीसीआई की नई नीति के तहत, ब्रूक अगले दो साल तक नीलामी में भाग नहीं ले सकेंगे। उन पर यह एक्शन तब लिया गया है जब उन्होंने आईपीएल के शुरू होने से कुछ दिन पहले इस लीग से न खेलने का फैसला किया था और अपना नाम वापस ले लिया था।

आईपीएल द्वारा शुरू किए गए नए नियम के अनुसार, "कोई भी खिलाड़ी जो नीलामी में पंजीकरण करता है और चुने जाने के बाद, सीजन की शुरुआत से पहले खुद को अनुपलब्ध बताता है तो उसे 2 सीजन के लिए टूर्नामेंट और नीलामी में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।" इसके साथ ही ये स्टार बल्लेबाज लगातार दूसरे सीजन के लिए आईपीएल से बाहर हो गए हैं। इससे पहले वह अपनी दादी की मौत के कारण आईपीएल नहीं खेल पाए थे।

नवंबर में हुए मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। पिछली नीलामी में भी उन्हें दिल्ली ने 4 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले ब्रूक ने एक बयान में कहा, "मैंने आगामी आईपीएल से हटने का बहुत कठिन निर्णय लिया है।" "मैं दिल्ली कैपिटल्स और उनके समर्थकों से बिना शर्त माफ़ी मांगता हूँ।" आईपीएल की शुरुआत 22 मार्च से होगी, जब मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला ईडन गार्डन्स में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। हालांकि, दिल्ली अपना पहला मुकाबला 24 मार्च को लखनऊ के खिलाफ खेलेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article