मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार 28 सितंबर , 2025 को खेले गए फाइनल मैच में 5 विकेट के अंतर से मात देकर एशिया कप का खिताब नौवीं बार अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। भारतीय टीम एशिया कप 2025 में अजेय रही और सात में से सात मैच में जीत हासिल करके चैंपियन बनी। इस दौरान टीम इंडिया ने फाइनल सहित पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैच खेले और तीनों में जीत दर्ज की और क्रिकेट के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर को 3-0 के अंतर से फतह कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए 147 रन का लक्ष्य मिला था जिसे उसने तिलक वर्मा की 53 गेंद में 69 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी की बदौलत हासिल कर लिया।
बीसीसीआई ने किया 21 करोड़ के ईनाम का ऐलान
टीम इंडिया की खिताबी जीत के बाद प्रेंजेंटेशन सेरेमनी में भले ही ट्रॉफी को लेकर विवाद हो गया और टीम इंडिया को बगैर ट्रॉफी, विनर्स मेडल और प्राइज मनी चेक के जश्न मनाना पड़ा। लेकिन बीसीसीआई ने खिताब जीतने वाली टीम इंडिया और सपोर्ट स्टाफ के लिए 21 करोड़ रुपये की ईनामी राशि का ऐलान करके पाकिस्तान को आईना दिखा दिया।
उपविजेता पाकिस्तान मिला इतना ईनाम
पाकिस्तानी टीम को उपविजेता बनने पर 75 हजार अमेरिकी डॉलर प्राइज मनी के रूप में मिले जो कि भारतीय मुद्रा में तकरीबन 66.5 लाख भारतीय रुपये के बराबर है। टीम इंडिया को बतौर विजेता कितनी राशि मिलनी थी इसका खुलासा नहीं हुआ। लेकिन बीसीसीआई ने अपनी ओर से दस गुना से ज्यादा की पुरस्कार राशि का ऐलान करके पाकिस्तान को तो निश्चित तौर पर हैरान और परेशान कर दिया।
