क्रिकेट

घरेलू सीजन के लिए बीसीसीआई ने की 130 करोड़ रुपये में नई साझेाृदारी

बीसीसीआई ने आगामी दो घरेलू सीजन के लिए नई साझेदारी की है। इन करारों की संयुक्त कीमत 130 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। ये साझेदारियां इस बात को दर्शाती हैं कि भारतीय क्रिकेट कारोबार के लिए एक प्रभावी मंच है।

Image

टीम इंडिया (साभार-ANI)

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत के घरेलू क्रिकेट के लिए कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी को एसोसिएट पार्टनर बनाते हुए बताया कि तीनों कंपनियों के साथ दो सत्रों के लिए हुए इन करारों की संयुक्त कीमत 130 करोड़ रुपये से अधिक है। यह रकम पिछले चक्र की तुलना में करीब 44 प्रतिशत अधिक है। इन साझेदारियों के साथ बीसीसीआई ने अपने वाणिज्यिक पोर्टफोलियो का और विस्तार किया है। पेय पदार्थ, बीमा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक से जुड़े प्रमुख ब्रांड अब भारतीय क्रिकेट से जुड़ेंगे। इससे इन कंपनियों को क्रिकेट प्रशंसकों के साथ जुड़ने और अपने ब्रांड की पहुंच बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे।

बीसीसीआई ने कहा कि ये साझेदारियां इस बात को दर्शाती हैं कि भारतीय क्रिकेट कारोबार के लिए एक प्रभावी मंच है, जहां कंपनियां अपनी दृश्यता बढ़ाने के साथ बड़े और जुनूनी प्रशंसक वर्ग तक पहुंच बना सकती हैं। यह साझेदारी भारत की आगामी घरेलू श्रृंखला में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबलों से शुरू होगी और मार्च 2028 तक चलेगी। इस दौरान भारत में होने वाले सभी घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले इसके दायरे में होंगे।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, "कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी के साथ साझेदारी भारतीय क्रिकेट के मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र की बड़ी पुष्टि है।" उन्होंने कहा, "इन साझेदारियों के संयुक्त मूल्य में हुई बड़ी वृद्धि विशेष रूप से उत्साहजनक है। यह दर्शाती है कि प्रमुख ब्रांड बीसीसीआई से जुड़ने से मिलने वाली पहुंच, प्रशंसकों की भागीदारी और व्यावसायिक संभावनाओं पर कितना भरोसा करते हैं।"

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, "घरेलू सत्र की साझेदारियों के मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि इस संपत्ति की मजबूती और बीसीसीआई तथा टीम इंडिया पर ब्रांडों के भरोसे को दर्शाती है।’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article