क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिली जगह, आयुष म्हात्रे बने कप्तान

बीसीसीआई ने सितंबर-अक्टबूर के बीच होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जगह मिली है वहीं टीम की कमान आयुष म्हात्रे के हाथों में सौंपी गई है।

Image

आयुष म्हात्रे (फोटो क्रेडिट CSK X)

मुंबई: भारत ने सितंबर माह के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अंडर-19 श्रृंखला के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे, उप कप्तान विहान मल्होत्रा और करिश्माई सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है। ये खिलाड़ी इंग्लैंड के सफल दौरे से लौटे हैं। ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत तीन एकदिवसीय और चार दिवसीय दो मैच खेलेगा जिसकी शुरुआत 21 सितंबर को पहले सीमित ओवरों के मैच से होगी। यह दौरा 10 अक्टूबर को समाप्त होगा।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को एक बयान में कहा,'जूनियर चयन समिति ने सितंबर में होने वाले आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम का चयन कर लिया है। भारत की अंडर-19 टीम ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ तीन एकदिवसीय और दो बहु दिवसीय मैच खेलेगी।'

इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम ने मचाया था धमाल

भारत की अंडर-19 टीम हाल ही में इंग्लैंड दौरे से लौटी है जहां उसने युवा एकदिवसीय मैचों में मेजबान टीम को 3-2 से हराया जबकि दो युवा टेस्ट मैच ड्रॉ रहे। भारत के शीर्ष क्रम ने मेहमान टीम को एकदिवसीय श्रृंखला जिताने में अहम भूमिका निभाई। सूर्यवंशी और विहान के शतकों की बदौलत टीम ने वॉर्सेस्टर में चौथे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 363 रन का विशाल स्कोर बनाकर जीत हासिल की और श्रृंखला में विजयी बढ़त बनाई। जूनियर चयन समिति ने पांच स्टैंडबाई खिलाड़ियों को भी चुना है।

कार्यक्रम:

एकदिवसीय श्रृंखला:

21, 24 और 26 सितंबर।

चार दिवसीय मैच: 30 सितंबर से तीन अक्टूबर और सात से 10 अक्टूबर।

भारत अंडर-19 टीम:

आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश सिंह, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार, अनमोलजीत सिंह, खिलान पटेल, उद्धव मोहन और अमन चौहान।

स्टैंडबाई खिलाड़ी: युद्धजीत गुहा, लक्ष्मण, बीके किशोर, अलंकृत रापोल, और अर्नव बग्गा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article