Nahid Rana Poor Fielding Video: पाकिस्तान की टीम इन दिनों बांग्लादेश के दौरे पर है। दोनों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेरे बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रन बनाए। वहीं पाकिस्तान ने भी दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट खोकर 179 रन बना लिए हैं। इस टेस्ट मैच में दोनों ही दिन बल्लेबाजों का दबदबा रहा। जहां पहले दिन बांग्लादेश के बल्लेबाज हावी रहे, वहीं दूसरे दिन पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने शानदार बैटिंग की।
नाहिद राणा की खराब फील्डिंग का वीडियो
इस टेस्ट मैच के दौरान बांग्लादेश के प्लेयर नाहिद राणा की फील्डिंग का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो ऐसा है, जिसे देखकर क्रिकेट फैंस की हंसी छूट रही है। नाहिद राणा फील्डिंग के दौरान ऐसी गलती करते नजर आ रहे हैं, जो क्रिकेट के मैदान पर अमूमन देखने को नहीं मिलती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पाकिस्तान की पारी के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद गेंदबाजी कर रहे हैं। वह बांग्लादेश की तरफ से 14वां ओवर लेकर आए थे। उनकी आखिरी गेंद पर पाकिस्तान के बल्लेबाज इमाम उल हक ने लेग साइड में शॉट खेला और गेंद डीप स्क्वायर लेग में पहुंच जाती है। देखें वीडियो-
वीडियो में आप देख पाएंगे कि वहां पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा खड़े थे। जैसे ही गेंद उनके पास पहुंचने वाली होती है, वह भागकर गेंद की तरफ लपकते हैं। इसके बाद गेंद उठाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, पहली बार में गेंद उनके हाथ से निकल जाती है। इसके बाद नाहिद राणा एक बार फिर गेंद को उठाने की कोशिश करते हैं। इस बार भी गेंद उनके हाथ से छूट जाती है। अब तीसरी बार नाहिद राणा गेंद को उठाने की कोशिश करते हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार भी गेंद उनके हाथ से सरक जाती है। आखिरकार चौथे प्रयास में गेंद को नाहिद राणा उठा पाते हैं और थ्रो करते हैं। इस वीडियो को देखकर क्रिकेट फैंस कमेंट कर रहे हैं कि यह तो पाकिस्तान के खिलाड़ियों से भी खराब फील्डिंग है।
