क्रिकेट

नेपाल के कप्तान से भिड़ना पड़ा महंगा, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज पर आईसीसी ने लगाया जुर्माना

T20 World Cup: नेपाल के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज को ज्यादा जोश दिखाना महंगा पड़ा। तेज गेंदबाज तंजीम हसन साकिब ने उस मुकाबले में नेपाल के कप्तान से कहा-सुनी की थी।

Image

बांग्लादेश और नेपाल का मुकाबला (साभार-ICC)

T20 World Cup: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तंजीम हसन साकिब पर रविवार को आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह घटना नेपाल के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले के तीसरे ओवर में हुई, जहां तंजीम ने नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल के साथ गरमागरम बहस हो गई थी जिसका बीच बचाव फील्ड अंपायर को करना पड़ा था। तंजीम ने उस मैच में शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर के स्पेल में केवल 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी गेंदबाजी का ही नतीजा था कि बांग्लादेश ने इस करो या मरो मैच में 21 रन से जीत दर्ज की और सुपर-8 में अपनी जगह को सुनिश्चित किया।

तंजीम को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 के उल्लंघन को दोषी पाया गया जिसके तहत साथी खिलाड़ी, मैच रेफरी, मैच स्टाफ के साथ अनुचित व्यव्हार और उनसे शारीरिक संपर्क करना शामिल है। ये आरोप उन पर ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और सैम नोगाजस्की के साथ-साथ तीसरे अंपायर जयारमन मदनगोपाल और चौथे अंपायर कुमार धर्मसेना ने लगाए थे। तंजीम ने अपराध स्वीकार कर लिया और अब औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं रही।

बांग्लादेश ने लीग स्टेज में जीते थे 3 मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम का सफर शानदार रहा। उसने लीग स्टेज में खेले गए 4 मैच में से 3 में जीत दर्ज की और 6 अंक के साथ दूसरे नंबर पर फिनिश किया। यह पहला मौका है जब बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप में 3 मुकाबले जीते हैं। यही कारण है कि टीम सुपर-8 में जगह बनाने में कामयाब रही। सुपर-8 मुकाबले में उसे भारत, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के साथ ग्रुप 1 में रखा गया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article