क्रिकेट

BAN vs SL Highlights: रोमांचक मैच में बांग्लादेश ने श्रीलंका को पटखनी देकर रचा इतिहास

बांग्लादेश ने दूसरा वनडे 16 रन से जीत लिया। श्रीलंका के सामने 249 रन का लक्ष्य था, लेकिन उसकी पूरी टीम 232 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके साथ ही 3 मैच की वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है और सीरीज का फैसला अंतिम मैच पर पहुंच गया है जो 8 जुलाई को पल्लेकेले में खेला जाएगा।

Image

बांग्लादेश बनाम श्रीलंका (साभार- X)

BAN vs SL Highlights: बांग्लादेश ने आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को 16 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही 3 मैच की वनडे सीरीज में दोनों टीम ने बराबरी कर ली। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 249 रन का लक्ष्य था, लेकिन श्रीलंका की टीम 232 रन बनाकर ढेर हो गई। आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में वनडे में यह बांग्लादेश की पहली जीत है। बांग्लादेश की ओर से तनवीर इस्लाम इस जीत के हीरो रहे जिन्होंने 5 विकेट चटकाए। तंजीम हसन शाकिब ने 2 विकेट चटकाए। श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक 78 रन की पारी जनिथ लियानागे ने खेली। इसके अलावा कुसल मेंडिस ने 31 गेंद में ताबड़तोड़ 56 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया।

इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और परवेज हुसैन एमोन और तोहिद ह्रदोय की अर्धशतकीय पारी के दम पर 45.5 ओवर में 248 रन बनाए। हुसैन ने 69 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 67 रन की पारी खेली। इसके अलावा तोहिद ह्रदोय ने 51 रन की पारी खेली।

आखिरी विकेट के लिए जोड़े अहम 30 रन

बांग्लादेश ने 218 रन के स्कोर पर अपना 9वां विकेट गंवा दिया था, लेकिन 10वें विकेट के लिए मुस्तफिजुर और तंजीम हसन शाकिब ने 30 रन जोड़े। तंजीम हसन शाकिब ने 21 गेंद में नाबाद 33 रन की पारी खेली और अपनी टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। सीरीज का पहला मैच श्रीलंका के नाम रहा था जिसे उसने 77 रन से अपने नाम किया है। 3 मैच की सीरीज का निर्णायक मुकाबला 8 जुलाई को पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article