क्रिकेट

BAN vs ENG : बांग्लादेश ने वर्ल्ड चैम्पियन का सूपड़ा किया साफ, सीरीज पर भी कब्जा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Mar 14, 2023, 08:01 PM IST

Bangladesh vs England T20I Series: बांग्लादेश ने इंग्लैंड को टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 3-0 से हराते हुए क्लीन स्वीप करके नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन इंग्लैंड को अपने मैदान पर चारों खाने चित कर दिया।

Image

बांग्लादेश ने इंग्लैंड को क्लीन स्वीप किया (AP)

BAN vs ENG T20I Series: बांग्लादेश और इंग्लैंंड के बीच खेली गई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में चमत्कार हो गया है। मेजबान बांग्लादेश ने विश्व चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम को तीन टी20 मैचों की सीरीज में 3-0 से मात देकर इतिहास रच दिया है। अपने क्रिकेट इतिहास में बांग्लादेश ने पहली बार ये कमाल किया है। तीसरे टी20 में बांग्लादेश ने मीरपुर में इंग्लैंड को 16 रन से शिकस्त देते हुए इस क्लीन स्वीप को हासिल किया।

तीसरे टी20 मैच में मंगलवार को बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटन दास के 73 रनों और नजमुल शंटो के 36 गेंदों में 47 रनों की बदौलत 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 158 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान इंग्लैंड क्रिकेट टीम की तरफ से सात खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की लेकिन सिर्फ आदिल राशिद और क्रिस जॉर्डन को 1-1 विकेट हासिल हुआ।

जवाब में इंग्लैंड की टीम के ओपनर डेविड मलान ने 53 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत जरूर दी लेकिन फिल सॉल्ट 0 पर आउट हो गए। वहीं जोस बटलर ने 31 गेंदों में 40 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम की उम्मीदों को जगाए रखा। लेकिन इसके बाद तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर और शाकिब की किफायती गेंदबाजी ने इंग्लैंड को बांधे रखा और अंग्रेज 20 ओवर में 6 विकेट खोते हुए 142 रन तक ही पहुंच सके।

बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए, जबकि तनवीर इस्लाम, शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान ने 1-1 विकेट हासिल किया। इसके साथ ही बांग्लादेश ने तीन टी20 मैचों की सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। इससे पहले, सीरीज के पहले टी20 में बांग्लादेश ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी, उसके बाद दूसरे टी20 मैच में 4 विकेट से जीत दर्ज की और अब अंतिम टी20 में 16 रन से जीत दर्ज करके दुनिया को चौंका डाला।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article