क्रिकेट

IND vs BAN: हार की कगार पर खड़े बांग्लादेश के बैटिंग कोच ने बताया मैच में कहां हुई उनकी टीम से चूक

बांग्लादेश के बल्लेबाजी कोच ने दूसरी पारी में अपनी टीम के अच्छे बल्लेबाजी प्रदर्शन के बाद कहा है कि अगर पहली पारी में उनके बल्लेबाजों ने जज्बा दिखाया होता तो मैच का रुख कुछ और होता।

Image

डेविड हेंप (साभार BCB)

चेन्नई:बांग्लादेश के बल्लेबाजी कोच डेविड हेम्प ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम के बल्लेबाजों ने पहली पारी की तुलना में दूसरी पारी में निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें दो मैचों की श्रृंखला के शुरुआती टेस्ट में बेहतरीन भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। मैच के तीसरे दिन ऋषभ पंत (109) और शुभमन गिल (नाबाद 119) के शानदार शतकों की मदद से भारत ने अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली है।

भारत ने बांग्लादेश को जीत के लिए 515 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया। बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में खराब रोशनी के कारण खेल को जल्दी रोके जाने तक 158 रन पर चार विकेट गंवा दिये। टीम को अब भी जीत के लिए 357 रन की जरूरत है। हेम्प ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'पहली से तुलना करें तो दूसरी पारी में हमारे बल्लेबाजों ने जज्बा दिखाया। उन्होंने जज्बे से गेंदों का सामना किया। यह सब रन बनाने के बारे में है और आप रन बनाना चाह रहे हैं।'

उन्होंने कहा, 'पारी की शुरुआत में बल्लेबाजों के सामने ऑफ स्टंप के करीबी से निकलने वाली गेंदों की चुनौती थी। जब आप भारत के खिलाफ खेलते है तो जाहिर है कि उनके पास कुछ शानदार गेंदबाज हैं। खासकर घरेलू मैदानों पर उनका मनोबल काफी बढ़ा हुआ होता है।'

हेम्प ने कहा कि उनकी टीम ने अगर पहली पारी में दमखम दिखाया होता तो स्थिति में होती। उन्होंने कहा,'जाहिर है, हम पहली पारी में भारत के खिलाफ वास्तव में अच्छी स्थिति में थे, लेकिन उसे जारी नहीं रख पाये। मैं निश्चित रूप से मानता हूं कि टीम के पास उनकी गेंदों से निपटने का अच्छा कौशल है। मुझे लगता है कि पहली और दूसरी पारी के बीच मुख्य अंतर यह था कि भारतीय गेंदबाजों ने पहली पारी में स्टंप्स की लाइन में बेहतरीन गेंदबाजी की।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article