क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए ऑस्ट्रेलिया के विश्व विजेता कप्तान, बताया अपना फेवरेट खिलाड़ी

Pat Cummins Praises Vaibhav Suryavanshi: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस हैं जो इस 15 वर्षीय खिलाड़ी के बल्लेबाजी के तरीके से बेहद प्रभावित हैं। कमिंस ने कहा कि वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- IPL/BCCI)

Pat Cummins Praises Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी को अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण एक नया प्रशंसक मिल गया है और यह कोई और नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस हैं जो इस 15 वर्षीय खिलाड़ी के बल्लेबाजी के तरीके से बेहद प्रभावित हैं। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। उन्होंने कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंद में 103 रन बनाए जो उनका आईपीएल में दूसरा शतक है। इसके बावजूद हालांकि उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

कमिंस का फेवरेट खिलाड़ी

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप और टी20 विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस ने शनिवार को मैच के बाद कहा, ’’हां, मुझे लगता है कि वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। वह गेंद पर जोर से प्रहार करता है। उसे खेलते हुए देखने में मजा आता है।’’ सूर्यवंशी ने अपने करियर की जिस तरह की शुरुआत की है, उससे कमिंस काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, ’’एक गेंदबाज के रूप में आपको सटीक गेंदबाजी करनी होती है क्योंकि अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपको इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वह बेहद प्रभावशाली बल्लेबाज है। उसने अपने करियर की शानदार शुरुआत की है और मुझे उसका खेलने का तरीका बहुत पसंद है।’’ पिच हालांकि सपाट हैं जिन पर बल्लेबाजों की तूती बोल रही है, लेकिन कमिंस का मानना है कि जब तक ऐसी पिचें टी20 मैचों तक ही सीमित हैं तब तक उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

उन्होंने कहा, ’’मुझे लगता है कि यही स्थिति है। विकेट भले ही सपाट हों, लेकिन यह केवल 20 ओवर का मैच है। यह कोई टेस्ट मैच नहीं है जहां पिच सपाट होने पर खिलाड़ी पांच दिन बल्लेबाजी कर रहा हाे। इसलिए मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है।’’ कमिंस का मानना है कि इस तरह की पिचें गेंदबाजों की परीक्षा लेती हैं और इस तरह के टूर्नामेंट के लिए पांच शीर्ष गेंदबाजों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा, ’’हमने अपनी टीम को इस तरह से तैयार किया है कि हम बल्लेबाजी में बड़े स्कोर बनाने की कोशिश करें और गेंदबाज कम से कम रन दें। मुझे लगता है कि इस तरह की परिस्थितियों में आपको पांच अच्छे गेंदबाजों की जरूरत होती है।’’

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article