दुनिया

अल्जीरिया में सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरी बस, 25 यात्रियों की मौत और 44 घायल

अल्जीरिया में सेतीफ से राजधानी अल्जीयर्स जा रही एक यात्री बस एल कर्मा इलाके के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए।

Image

अल्जीरिया में भीषण सड़क हादसा (फोटो: प्रतीकात्मक)

Photo : iStock

उत्तर अफ्रीकी देश अल्जीरिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार को एक भयानक सड़क हादसे में कम से कम 25 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 44 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रियों से भरी एक बस सेतीफ शहर से अल्जीरिया की राजधानी अल्जीयर्स की ओर जा रही थी। अल्जीरिया के नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी अल्जीयर्स से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित 'एल कर्मा' क्षेत्र में पहुंचते ही बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया।

इसके बाद बस तेज रफ्तार में सड़क से फिसलकर सीधे एक गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग की बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। एंबुलेंस और राहत दलों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

देश में तीन दिनों का राष्ट्रीय शोक का ऐलान

इस दर्दनाक त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमजीद तेब्बौने ने देश भर में तीन दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। सरकारी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

हादसे ने देश में सड़क सुरक्षा को लेकर खड़े किए कई गंभीर सवाल

गौर करने वाली बात यह है कि अल्जीरिया में हादसों का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 15 अगस्त 2025 को भी अल्जीयर्स में एक सार्वजनिक बस सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए नीचे नदी में गिर गई थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने देश में सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article