क्रिकेट

AUS A vs IND A: अनाधिकारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए को दी छह विकेट से मात

ऑस्ट्रेलिया की महिला ए टीम ने भारतीय महिला ए टीम को एकमात्र अनाधिकारिक टेस्ट मैच के अंतिम दिन छह विकेट से मात देने में सफल रही। ऐसा रहा मैच के आखिरी दिन के खेल का हाल।

Image

ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम (फोटो क्रेडिट Cricket Australia)

ब्रिस्बेन: ऑफ स्पिनर एमी एडगर के पांच विकेट के बाद शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ए ने रविवार को एकमात्र अनधिकृत महिला टेस्ट के अंतिम दिन भारत ए को छह विकेट से हरा दिया। एडगर ने 57 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने दिन के दूसरे ओवर में वीजे जोशीथा का विकेट लेकर अपना पांचवां विकेट हासिल किया, जिससे भारत ए की दूसरी पारी 286 रन पर सिमट गई और मेजबान टीम को 281 रन का लक्ष्य मिला।

ऑस्ट्रेलिया ए ने अनिका लियरॉयड (72), रेचल ट्रेनामन (64) और मैडी ड्रेक (68) के अर्धशतकों की बदौलत 85.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

सलामी बल्लेबाज ट्रेनामन और कप्तान ताहलिया विल्सन (46) ने मेजबान टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर भारतीय आक्रमण पर दबाव बना दिया।

जब ऐसा लग रहा था कि ये दोनों भारत ए को मुकाबले से बाहर कर देंगी तब तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर (63 रन पर दो विकेट) ने लगातार दो ओवरों में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले विल्सन को आउट किया और फिर ट्रेनामन को विकेटकीपर नंदिनी कश्यप के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद ड्रेक और लियरॉयड ने मिलकर 136 रन की शानदार साझेदारी की। भारतीय टीम इन दोनों को आउट करने में सफल रही लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत से नहीं रोक पाई।

इससे पहले दिन में भारत ए ने अपने कल के स्कोर आठ विकेट पर 260 रन में 26 रन जोड़े। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 299 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 305 रन बनाकर मामूली बढ़त हासिल की थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article