क्रिकेट

AUS vs PAK 3rd T20 Highlights: मार्कस स्टोइनिस ने खेली तूफानी पारी, ऑस्ट्रेलिया ने टी20 सीरीज में पाकिस्तान का किया सूपड़ा साफ

AUS vs PAK 3rd T20 Highlights: पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मार्कस स्टोइनिस की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया और सीरीज पर 3-0 से कब्जा भी जमाया।

Image

मार्कस स्टोइनिस टीम के साथी खिलाड़ी के साथ। (फोटो- Pakistan Cricket X)

Photo : Twitter

AUS vs PAK 3rd T20 Highlights: मार्कस स्टोइनिस की नाबाद 61 रन की तूफानी पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर 3-0 से उसका सूपड़ा साफ किया। स्टोइनिस ने 27 गेंद की अपनी पारी में पांच छक्के और पांच चौके मारे जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 118 रन के लक्ष्य को 11.2 ओवर में तीन विकेट पर 118 रन बनाकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी (43 रन पर एक विकेट) और हारिस राऊफ (बिना विकेट के 34 रन) ने एकतरफा मुकाबले में छह ओवर में 77 रन लुटाए।

पाकिस्तान ने इससे पहले 56 रन पर अंतिम नौ विकेट गंवाए जिससे टीम 18.1 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। बाबर आजम (41) और हसीबुल्लाह खान (24) ही पाकिस्तान की ओर से 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।ऑस्ट्रेलिया ने वर्षा से प्रभावित सात ओवर का पहला मैच 29 रन से जीता था जबकि दूसरे मैच में स्पेंसर जॉनसन (26 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत 13 रन से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान की टीम एक समय सातवें ओवर में एक विकेट पर 61 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी। लेग स्पिनर एडम जंपा (11 रन पर दो विकेट) ने हसीबुल्लाह को शॉर्ट फाइन लेग पर कैच कराके पाकिस्तान के पतन की शुरुआत की। उन्होंने इसके बाद बाबर को बोल्ड किया।

बाबर इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय में विराट कोहली (4188 रन) को पीछे छोड़कर 126 मैच में 4192 रन के साथ दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज बन गए। उनसे अधिक रन सिर्फ भारत के रोहित शर्मा (159 मैच में 4231 रन) ने बनाए हैं। तेज गेंदबाज आरोन हार्डी (21 रन पर तीन विकेट) ने इसके बाद उस्मान खान (03) को नाथन एलिस के हाथों कैच कराया जबकि सलमान आगा (01) को पगबाधा किया। पाकिस्तान ने अफरीदी की दो चौके और एक छक्के से 16 रन की पारी की बदौलत 100 रन के आंकड़े को पार किया।

सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जॉनसन (24 रन पर दो विकेट) ने सूफियान मुकीम (01) को बोल्ड करके पाकिस्तान की पारी का अंत किया। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पावर प्ले के भीतर ही सलामी बल्लेबाजों जैक फ्रेजर मैकगर्क (18) और मैथ्यू शॉर्ट (02) के विकेट गंवा दिए जिसके बाद कप्तान जोश इंग्लिस (27) और स्टोइनिस ने तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। अब्बास अफरीदी ने 10वें ओवर में इंग्लिस को पवेलियन भेजा जिसके बाद स्टोइनिस ने अफरीदी पर तीन छक्के और एक चौके से ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की। पाकिस्तान ने एकदिवसीय श्रृंखला 2-1 से जीती थी लेकिन टी20 में टीम लगातार जूझती रही।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article