एशियन गेम्स 2026 में दो फाइनलिस्ट टीम तय हो गई है। रविवार को हुए पहले सेमीफाइनल मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को और दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को हराया। पहले सेमीफाइनल की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। श्रीलंका ने 178 रन का लक्ष्य 13 गेंद शेष रहते 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रीलंका की ओर से चमारी अट्टापट्टू ने 83 रन की मैत जिताऊ पारी खेली। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में भारत की आसान जीत
दूसरे सेमीफाइनल की बात करें तो भारत ने बांग्लादेश को आसानी से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा के शतकीय पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया। शेफाली ने 49 गेंद में अपना शतक पूरा किया जो उनके व्हाइट बॉल क्रिकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पहला शतक था। जवाब में बांग्लादेश की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 15.4 ओवर में 81 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 जबकि श्रीचरणी ने 2 विकेट चटकाए।
गोल्ड मेडल मैच में भारत-श्रीलंका की भिड़ंत
22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल यानी गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा, जहां हरमनप्रीत कौर की टीम गोल्ड डिफेंड करने उतरेगी। हाल ही में दोनों टीम एशिया कप के फाइनल में भिड़ी थी जहां भारत ने श्रीलंका को हराकर 8वीं बार ट्रॉफी उठाई थी। अब एशियन गेम्स में दोनों टीम भिड़ने वाली है।
यह मुकाबला भारतीय समयनुसार सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा।
यदि आप इस मुकाबले को टीवी पर देखना चाहते हैं तो इसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर देख सकते हैं। यदि आप गोल्ड मेडल के इस मैच को बिना सब्सक्रिप्शन के देखना चाहते हैं तो आपके पास फ्री डिश होना चाहिए। फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर आप इस गोल्ड मेडल मैच का आनंद ले सकते हैं।
