ढाका: एशिया कप 2025 के आयोजन पर मंडरा रहे संकट के बाद आखिरकार छट गए हैं। टी20 फॉर्मेट में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट के आयोजन की तारीख और मेजबान का फैसला गुरुवार को ढाका में एसीसी की आयोजित सालाना बैठक में हो गया। बैठक में बीसीसीआई के प्रतिनिधि ने वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए भाग लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यूएई की मेजबानी में टूर्नामेंट का आयोजन 5 से 21 सितंबर के बीच किया जाएगा। आठ टीमों वाले टूर्नामेंट के मुकाबले दुबई और अबुधाबी में खेले जाएंगे।
आठ टीमें लेंगी एशिया कप 2025 में भाग
टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, यूएई, ओमान और हांगकांग की टीमें खेलती नजर आएंगी। माना जा रहा है टूर्नामेंट की इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और भारत पाकिस्तान को एक ग्रुप में जगह मिलेगी। ऐसा करने पर दोनों टीमें एक से ज्यादा बार टूर्नामेंट के दौरान एक दूसरे से भिड़ेंगी।
जल्द होगा एशिया कप के शेड्यूल का ऐलान
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित सालाना बैठक ACC चेयरमैन मोहसिन नक़वी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में साल 2025-2026 के लिए टूर्नामेंट के कैलेंडर को स्वीकृति दी गई। इसमें एशिया कप 2025 का कार्यक्रम भी शामिल है। जिसका ऐलान आधिकारिक तौर पर किया जाएगा।
एशियाई खेल 2026 का हिस्सा होगा क्रिकेट
साल 2026 में जापान में आयोजित होने वाले आगामी एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किए जाने की घोषणा की गई। इसमें पुरुषों की 10 और महिलाओं की 8 टीमें भाग लेंगी जिनका चयन रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। बैठक में एसीसी के तीन नए सदस्य देशों मंगोलिया, उजबेकिस्तान और फिलीपींस का स्वागत किया गया।
(डेवलपिंग स्टोरी)
