क्रिकेट

Asia Cup 2025: कड़े फैसले ले सकती है चयन समिति, इस खिलाड़ी का कट सकता है पत्ता

एशिया कप 2025 के लिए 19 सितंबर को टीम चयन के दौरान अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली सिलेक्शन कमिटी कुछ कड़े निर्णय कर सकती है। आईपीएल में फीका प्रदर्शन करने वाले रिंकू सिंह का पत्ता कट सकता है। शुभमन और यशस्वी के लिए टीम में जगह बना पाना भी चयन समिति के सामने बड़ी चुनौती है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: एशिया कप टी20 के लिए भारतीय टीम की घोषणा मंगलवार को की जाएगी जिसमें अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति कुछ कड़े फैसले ले सकती है। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की टीम में जगह चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं रिंकू सिंह के लिए भी 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। रिंकू कुछ साल पहले तब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए थे, जब उन्होंने यश दयाल के ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल मैच जिताया था और तब से उन्हें भारतीय टीम में एक फिनिशर के रूप में देखा जाने लगा था।

रिंकू के करियर ग्राफ में आई है गिरावट

रिंकू के करियर ग्राफ में हालांकि पिछले कुछ समय में थोड़ी गिरावट देखी गई है और वह टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में असफल रहे (वह स्टैंड बाई पर थे)। आईपीएल 2024 में उन्होंने केवल 113 गेंदों का जबकि 2025 के सत्र में केवल 134 गेंदों का सामना किया था, जिससे उनकी भूमिका कम होने का संकेत मिलता है। दिलचस्प बात यह है कि 2024 में वर्तमान में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ही केकेआर के मुख्य रणनीतिकार थे। केकेआर के पूर्व थिंक-टैंक प्रमुख ने जिस तरह से रिंकू का इस्तेमाल किया, उससे यह संकेत मिलता है कि उनकी योजनाओं में अलीगढ़ के इस बाएं हाथ के खिलाड़ी की भूमिका बहुत सीमित थी।

टी20 विश्व कप के लिए बतौर फिनिशर नहीं होंगे रिंकू पहली पसंद

प्रत्येक बल्लेबाजी स्थान के लिए हो रही प्रतिस्पर्धा को देखते हुए कोई भी पक्के तौर पर यह नहीं कह सकता कि रिंकू अगले वर्ष की शुरुआत में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए स्वतः पसंद होंगे। लेकिन अगर इस समय केवल एशिया कप टी-20 को ही ध्यान में रखा जाए तो रिंकू की स्थिति थोड़ी अस्थिर नजर आती है। यदि सभी फिट और उपलब्ध रहे तो अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (बल्लेबाज-विकेटकीपर), तिलक वर्मा, कप्तान सूर्य कुमार यादव और हार्दिक पांड्या का शीर्ष पांच में चयन तय है।

कैसे होगी शुभमन और जायसवाल की टी20 टीम में वापसी?

आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले गिल और यशस्वी जायसवाल टीम में वापसी करते हैं तो चयनकर्ताओं को एक या दो स्थानों को लेकर कुछ समझौता करना होगा। एक पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने पीटीआई से कहा,'हम अक्सर लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि अमुक खिलाड़ी को चुनना चाहिए, लेकिन कोई भी हमें यह नहीं बता सकता कि 'किसकी जगह'? श्रेयस अय्यर ने 180 के स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं, लेकिन वह शीर्ष चार में बल्लेबाजी करते हैं। उनके लिए जगह कहां है। अगर आप अभी अपने शीर्ष पांच खिलाड़ियों में बदलाव नहीं कर सकते तो शुभमन को नहीं चुन सकते। अगर आप अभी शुभमन को चुनते हैं, तो जाहिर है कि टेस्ट कप्तान को बाहर नहीं बिठाया जा सकता।'

कहां समझौता करेंगे चयनकर्ता, रिंकू की जगह पर है खतरा

भारत के लिए खेल चुके पूर्व चयनकर्ता ने कहा,'तो आप समझौता कहां करेंगे? मुझे तो रिंकू की जगह पर संदेह नज़र आ रहा है क्योंकि शीर्ष क्रम के कुछ बल्लेबाजों को उनकी उतनी जरूरत नहीं है। और ध्यान रहे, हम जायसवाल की बात ही नहीं कर रहे हैं।' यदि रिंकू के साथ समझौता भी कर लिया जाए, तब भी शिवम दुबे (क्योंकि नीतीश रेड्डी के फिट होने की संभावना नहीं है) और जीतेश शर्मा (दूसरे विकेटकीपर) टीम में होंगे, जो फिनिशर की भूमिका अच्छी तरह से निभा सकते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article