क्रिकेट

Asia Cup 2025: एशिया कप के लिए ओमान की टीम का ऐलान, जतिंदर सिंह करेंगे कप्तानी

Asia Cup 2025 Oman Squad: 9 सितंबर 2025 से शुरू होने वाले एशिया कप 2025 के लिए सारी टीमें धीरे-धीरे अपने स्क्वॉड का ऐलान करती जा रही है। इसी कड़ी में ओमान ने भी अपनी टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान विस्फोटक बल्लेबाज जितेंदर सिंह करने वाले हैं।

Image

ओमान क्रिकेट टीम (फोटो- Oman cricket)

Asia Cup 2025 Oman Squad: ओमान क्रिकेट ने मंगलवार, 26 अगस्त को एशिया कप 2025 के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में पहली बार भाग लेने जा रही ओमान टीम की कमान सलामी बल्लेबाज जतिंदर सिंह के हाथों में होगी।

दुलीप मेंडिस होंगे कोच

ओमान टीम का मार्गदर्शन श्रीलंका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज दुलीप मेंडिस करेंगे। 1980 के दशक में 24 टेस्ट मैच खेलने वाले मेंडिस ने कहा कि एशिया कप उनकी टीम के लिए एक शानदार अनुभव होगा। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतरीन मौका देगा।

भारत और पाकिस्तान से होगा मुकाबला

कोच मेंडिस ने कहा कि "भारत और पाकिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ खेलना हर क्रिकेटर के लिए गर्व का पल होता है। टी20 फॉर्मेट में कुछ भी हो सकता है, एक ओवर का जादू पूरे मैच को पलट सकता है।"ओमान अपना अभियान 12 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ शुरू करेगा। इसके बाद टीम 15 सितंबर को यूएई और 19 सितंबर को भारत से भिड़ेगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले दौर के लिए क्वालीफाई करेंगी।

मजबूत तैयारी और मानसिक मजबूती पर जोर

मेंडिस ने आगे कहा कि उनकी टीम की तैयारी इस समय मजबूत है। राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट के चलते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिला है। उन्होंने कहा कि केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि बड़े मैचों में मानसिक मजबूती भी बेहद अहम होती है। मेंडिस को उम्मीद है कि उनकी टीम एशिया कप में प्रभाव छोड़ेगी और ओमान को एक उभरते क्रिकेटिंग राष्ट्र के रूप में पेश करेगी।

ओमान की 17 सदस्यीय टीम

  • जतिंदर सिंह (कप्तान)
  • हम्माद मिर्ज़ा
  • विनायक शुक्ला
  • सुफ़यान यूसुफ
  • आशीष ओडेडेरा
  • आमिर कलीम
  • मोहम्मद नदेम
  • सुफ़यान महमूद
  • आर्यन बिष्ट
  • करण सोनवाले
  • ज़िक्रिया इस्लाम
  • हसनैन अली शाह
  • फैसल शाह
  • मोहम्मद इमरान
  • नदीम खान
  • शकील अहमद
  • समय श्रीवास्तव

यह ओमान क्रिकेट के इतिहास का सुनहरा पल है। पहली बार एशिया कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता में उतरकर टीम न केवल प्रतिस्पर्धा करेगी, बल्कि एशियाई क्रिकेट में अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश करेगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article