क्रिकेट

Asia Cup 2025: ICC ने नहीं मानी पाकिस्तान की एक भी मांग, विरोध के बाद अब यूएई के खिलाफ मैच खेलने के लिए रवाना हुई टीम

PAK vs UAE: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की बुरी तरह से फजीहत हो गई है। टीम ने पहले यूएई के खिलाफ मैच खेलने से इंकार कर दिया था और एक बार फिर से आईसीसी से रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को खिलाने की मांग की थी लेकिन इसे नकार दिया गया है और अब टीम स्टेडियम के लिए मैच खेलने के लिए रवाना हो गई है।

Image

पाकिस्तान एशिया कप से बाहर (फोटो- AP)

PAK vs UAE: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एक बड़े विवाद के चलते अपने 'करो या मरो' मुकाबले में हिस्सा लेने से पहले नाटकीय ढंग से विलंब किया। टीम ने आईसीसी द्वारा उनकी मांग दूसरी बार खारिज किए जाने के विरोध में देर तक स्टेडियम के लिए प्रस्थान नहीं किया, लेकिन आखिरकार यूएई के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए वे रवाना हो गए।

आईसीसी ने दूसरी बार खारिज की पाकिस्तान की मांग

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी से अपील की थी कि एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रैफरी की भूमिका से हटाया जाए। यह मांग भारत के खिलाफ खेले गए मैच के बाद उठी, जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों द्वारा भारतीय खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने को लेकर विवाद हुआ। पीसीबी ने इसका दोष एंडी पाइक्रॉफ्ट पर मढ़ते हुए उनके रवैये को खेल भावना के खिलाफ बताया।

हालांकि, आईसीसी ने इन आरोपों को दूसरी बार भी सिरे से खारिज कर दिया और पाइक्रॉफ्ट को ही बुधवार के मैच में रैफरी बनाए रखा। एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि अगर पाकिस्तान ने खेलने से इनकार किया होता, तो यूएई को पूरे अंक दिए जाते।

टीम ने किया स्टेडियम जाने में देरी, मैच विलंबित

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की टीम को उनके होटल कमरों में ही रुकने और आगे के निर्देशों का इंतजार करने को कहा गया था। टीम की स्टेडियम के लिए देर से रवाना होने के कारण मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। इस बीच यूएई की टीम समय से पहले ही स्टेडियम पहुंच चुकी थी।

पाइक्रॉफ्ट पर गंभीर आरोप, आईसीसी का रुख सख्त

पीसीबी की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एंडी पाइक्रॉफ्ट ने रविवार को टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से रोका था। इसके अलावा, पीसीबी ने यह भी दावा किया कि पाइक्रॉफ्ट के दबाव में दोनों कप्तानों के बीच टीम शीट का परंपरागत आदान-प्रदान भी नहीं कराया गया।पीसीबी ने यह आरोप आईसीसी की आचार संहिता की धारा दो का उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह मैच अधिकारियों द्वारा खेल भावना के विरुद्ध किया गया कृत्य है। हालांकि आईसीसी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article