क्रिकेट

Asia Cup 2023, SL vs BAN Pitch Report, Weather: श्रीलंका-बांग्लादेश मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Aug 31, 2023, 02:17 PM IST

Asia Cup 2023, SL vs BAN ODI Pitch Report Pallekele International Cricket Stadium and Kandy Weather Forecast Today: आज (31 August 2023) एशिया कप 2023 का दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगे बांग्लादेश और मेजबान श्रीलंका की टीम। आइए जानते हैं कि कैसी होगी इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैंडी का मौसम।

Image

श्रीलंका-बांग्लादेश मैच पिच रिपोर्ट

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • एशिया कप 2023 का दूसरा मैच आज
  • आमने-सामने श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें
  • मुकाबला कैंडी के पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा

SL vs BAN (Sri Lanka vs Bangladesh) Pitch Report, Pallekele International Cricket stadium, Kandy Weather Forecast Today Match: एशिया कप 2023 के पहले मैच में पाकिस्तान ने नेपाल को करारी शिकस्त देकर ग्रुप-ए में मजबूती से पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। अब आज टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा जिसमें ग्रुप-बी की दो टीमें आमने-सामने होंगी। टक्कर होगी बांग्लादेश और मेजबान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की। मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। ये वनडे मुकाबला कैंडी में स्थित पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने अपने पिछले पांचों वनडे मुकाबले जीते हैं इसलिए वे एशिया कप 2023 का आगाज भी जीत के साथ ही करना चाहेंगे ताकि जीत का ये सिलसिला बरकरार रहे। लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी मुश्किल है चोटिल व बीमार खिलाड़ी, जो कि एक-एक करके हाल में टीम से बाहर हुए हैं और अंतिम समय में उनको टीम में कुछ नई एंट्री शामिल करनी पड़ी हैं। हालांकि फिर भी उनके शीर्ष दिग्गज टीम में मौजूद रहेंगे और घरेलू स्थितियां भी उनके पक्ष में होंगी। दूसरी तरफ है बांग्लादेश की टीम जिनसे श्रीलंका का एशिया कप में छत्तीस का आंकड़ा रहा है और मैदान पर 'नागिन डांस' वाली यादों को भला कोई कैसे भूल सकता है। बांग्लादेश ने अपने पिछले पांच वनडे मैचों में तीन जीते हैं और दो गंवाए हैं। आइए अब जानते हैं आज के मैच की पिच रिपोर्ट और कैंडी के मौसम का पूरा हाल।

कैसी होगी श्रीलंका-बांग्लादेश मैच की पिच रिपोर्ट? (SL vs BAN Pitch Report)

आज श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला कैंडी की वादियों के बीच स्थित खूबसूरत पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां पर बल्लेबाजों को फायदा जरूर मिलेगा और इतिहास भी इसका गवाह है। बस बात इतनी सी है कि यहां बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को लाइट्स के नीचे बल्लेबाजी करने में काफी आसानी हो सकती है। यहां पर 300 पार का लक्ष्य भी हासिल करना बड़ी बात नहीं होगी। वहीं गेंदबाजों में तेज गेंदबाज ज्यादा कारगर साबित होते नजर आ सकते हैं जबकि मध्य के ओवरों में स्पिनर्स की फिरकी भी रंग लाएगी। गेंदबाजों को अपने वेरिएशन में तब्दीली करती रहनी होगी, यही यहां पर सफलता का फॉर्मूला है। इस मैदान पर वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर दक्षिण अफ्रीका के नाम दर्ज है जिन्होंने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ मैच में 7 विकेट पर 363 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था और फिर 78 रनों से जीत दर्ज की थी।

आज कैसा होगा कैंडी का मौसम? (Kandy Weather Forecast Today)

मेजबान श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच एशिया कप 2023 के इस दूसरे मुकाबले में मौसम की क्या भूमिका रह सकती है, आइए ये भी जान लेते हैं। फैंस के लिए ये खबर थोड़ी खराब हो सकती है कि इन दिनों कैंडी में बारिश का जोर है। बारिश इतनी तेज तो नहीं है लेकिन हो जरूर रही है। आज भी यहां बारिश के आसार हैं। अभी ये कहना मुश्किल है कि ये बारिश पूरे मैच को धो डालेगी या फिर कुछ ओवर कटने जैसे हालात से बात बन जाएगी। वहीं, उमस तो इतनी रहेगी कि हर खिलाड़ी की जर्सी पसीने से गीली होना तय है। ये बाद में गेंदबाजी व फील्डिंग करने वाली टीम को ज्यादा परेशान कर सकती है। अगर तापमान की बात करें तो आज कैंडी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है।

श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, दिमुथ करूणारत्ने, कुसाल परेरा, कुसाल मेंडिंस (उप कप्तान), चरिथ असालंका, धनंजय डि सिल्वा, माथिशा पाथिराना, कासुन रजीता, दुशान हेमंता, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशान, सादीरा समरविक्रमा, महीश तीक्ष्णा और दुनिथ वेलांगे।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम: शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल हुसैन शांटो, तौहिद हृदय, मुश्फिकर रहीम, अफीफ हुसैन ध्रुबो, मेहदी हसन मिराज, तास्किन अहमद, हसन महमूद, मुस्तफिजुर रहमान, शमिम हुसैन, तंजिद हसन तमीम, तंजिम हसन शाकिब, अनामुल हक बिजॉय, शोरिफुल इस्लाम, नासुम अहमद, शाक मेहदी हसन और नईम शेख।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article