क्रिकेट

Video: नेहरा के एक इशारे से खत्म हो गई वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी, वीडियो हुआ वायरल

वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी पर गुजरात के गेंदबाज लगाम लगाने में असफल हो रहे थे तभी बाउंड्री लाइन के बाहर से आशीष नेहरा ने अपने गेंदबाज को इशारा किया और बस सूर्यवंशी की पारी खत्म हो गई।

Image

आशीष नेहरा (साभार-x)

GT vs RR: गुजरात के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी बतौर इंपैक्ट खिलाड़ी उतरे। वैभव ने इस बार मोहम्मद सिराज को अपना निशाना बनाया और पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने रन बनाने का सिलसिसा शुरू किया। इस छक्के के साथ ही वैभव ने टी20 क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे कर लिए। अगले ओवर में भी वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रही। इस बार उन्होंने कगिसो रबाडा को अपना निशाना बनाया और बैक टू बैक छक्के जड़े। रबाडा के इस ओवर में वैभव ने 15 रन बटोरे।

सिराज को जड़ा 3 चौका

एक तरफ जायसवाल संभल कर खेल रहे थे, लेकिन दूसरी तरफ वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी जारी थी। वैभव पारी के तीसरे ओवर में सिराज को 3 चौके जड़ चुके थे और ऐसा लग रहा था कि वह इस ओवर को बड़ा बनाएंगे, लेकिन तभी बाउंड्री लाइन के बाहर से आशीष नेहरा का मास्टरस्ट्रोक आया और वैभव की पारी एक झटके में खत्म हो गई।

नेहरा का मास्टरस्ट्रोक

बैक टू बैक चौका खाने के बाद सिराज परेशान नजर आ रहे थे, तभी नेहरा ने उन्हें इशारे से बाउंसर मारने की सलाह दी। सिराज ने बाउंसर मारी और वैभव असहज होकर हवा में शॉट खेल बैठे। अरशद खान ने कोई गलती नहीं की और वैभव सूर्यवंशी की खतरनाक नजर आ रही पारी 36 रन के स्कोर पर थम गई। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की ओर से शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की। गिल ने 84 जबकि सुदर्शन ने 55 रन की पारी खेली। आखिर में वाशिंगटन सुंदर ने 19 गेंद में 37 रन की पारी खेली और अपनी टीम का स्कोर 229 तक पहुंचा दिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article