क्रिकेट

Ashes 2023, Fifth Test: स्टीव स्मिथ और पुछल्ले बल्लेबाजों ने दिलाई ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में बढ़त, इंग्लैंड ने गंवाया मौका

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 29, 2023, 12:53 AM IST

इंग्लैंड ने स्टीव स्मिथ और पुछल्ले बल्लेबाजों की मदद से इंग्लैंड से ओवल टेस्ट की पहली पारी में बढ़त हासिल करने का शानदार मौका छीन लिया। दूसरे दिन के खेल का अंत ऑस्ट्रेलिया ने मामूली बढ़त के साथ किया। ऐसा रहा दिन के खेल का हाल।

Image

स्टीव स्मिथ और पैट कमिंस

Photo : AP

लंदन: एशेज सीरीज के ओवल में खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट का दूसरा दिन भी बेहद रोमांचक रहा। इंग्लैंड के पहली पारी में बनाए 283 रन के जवाब में 185 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया स्टीव स्मिथ, पैट कमिंस और टॉड मर्फी के प्रयास से पहली पारी में 12 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रहा। ऑस्ट्रेलियाई टीम 103.1 ओवर में 295 रन पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की पारी के समाप्त होते ही दिन के खेल की समाप्ति का ऐलान भी अंपायरों ने कर दिया। कमिंस ने 36 और मर्फी ने 34 रन का योगदान बल्ले से दिया।

स्टीव स्मिथ ने खेली मुश्किल वक्त में 71 रन की पारी

ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टीव स्मिथ ने मुश्किल वक्त में 71 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं दूसरे छोर पर उन्हें कप्तान पैट कमिंस का साथ मिला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 54 रन की अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को मुश्किल से उबारा। इसके बाद नौवें विकेट के लिए कमिंस ने टॉड मर्फी के साथ 49(68) रन की साझेदारी करके अपनी टीम को पहली पारी में 12 रन की मामूली लेकिन मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाने में सफल रहे।

पहले सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने गंवाया एक विकेट

61 रन पर 1 विकेट के स्कोर के साथ दूसरे दिन के खेल की शुरुआत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने की। बादल छाए रहने के कारण तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में टीम ने बेहद सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए रन बनाने की जगह विकेट बचाने पर जोर दिया। ख्वाजा और लाबुशेन ने 156 गेंद में 42 रन की साझेदारी की। दिन के खेल में इंग्लैंड को पहली सफलता मार्नस लाबुशेन के रूप में मिली। वुड की गेंद पर लाबुशेन स्लिप में जो रूट ने के हाथों शानदार ढंग से लपके गए। उन्होंने 82 गेंद में 9 रन बनाए। पहले सत्र का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 115 रन बना लिए थे।

186 के स्कोर पर दूसरे सत्र में कंगारुओं ने गंवाए 7 विकेट

दूसरे सत्र का जब खेल शुरू हुआ तो मैच का पलड़ा अचानक इंग्लैंड के पक्ष में पलट गया। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट दूसरे सत्र में चटकाए और ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 186 रन पर 7 विकेट हो गया था।

ब्रॉड ने दिए दोहरे झटके

दूसरे सत्र में स्मिथ एक छोर से डटे रहे जबकि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे छोर से विकेट गंवाना जारी रखा। स्टुअर्ट ब्रॉड (31 रन पर दो विकेट) ने दूसरे सत्र की पांचवीं गेंद पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को पगबाधा किया। ख्वाजा ने मैदानी अंपायर के फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया लेकिन उन्हें इसका कोई फायदा नहीं हुआ। ख्वाजा ने 157 गेंद की पारी में सात चौके लगाये। ब्रॉड ने इसके बाद ट्रेविस हेड (चार) को विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड को सत्र की दूसरी सफलता दिलायी।

खराब लय से गुजर रहे जेम्स एंडरसन ने इसके बाद मिशेल मार्श (16) को चलता किया। कप्तान बेन स्टोक्स ने एंडरसन को इस मौच में पहली बार गेंद पवेलियन छोर से थमाई और इस अनुभवी गेंदबाज ने स्पैल की चौथी ही गेंद पर टीम को सफलता दिला दी। मार्श चौथे स्टंप के लाइन की गेंद को विकेटों पर खेल गये। मौजूदा श्रृंखला में यह एंडरसन का महज पांचवां विकेट है।

मोईन अली की गैरमौजूदगी में स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा संभाल रहे जो रूट के खिलाफ एलेक्स कैरी (10) ने छक्का लगाया लेकिन इस अनुभवी खिलाड़ी ने अपनी अगली गेंद पर कैरी को फिरकी में फंसा लिया। कैरी गेंद को स्टोक्स के हाथों में मार बैठे जिन्होंने टेस्ट का 100वां कैच लपका। सत्र खत्म होने पहले इंग्लैंड के मिशेल स्टार्क (सात) के रूप में एक और सफलता मिली। मार्क वुड की गेंद को पुल करने की कोशिश में स्टार्क बेन डकेट को कैच थमा बैठे।

इंग्लैंड ने गंवाया बढ़त बनाने का शानदार मौका

तीसरे सत्र की शुरुआत में इंग्लैंड के पास 97 रन की बढ़त थी। स्टीव स्मिथ 79 गेंद में 40 रन और पैट कमिंस (01) रन बनाकर खेल रहे थे। ऐसे में दोनों ने मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को पटरी पर वापस ला दिया। लेकिन अर्धशतक जड़ने के बाद स्टीव स्मिथ विकेट के पीछे वोक्स की गेंद पर लपके गए।

पैट कमिंस ने खेली कप्तानी पारी

पैट कमिंस ने कप्तान की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। उन्होंने टॉड मर्फी के बीच नौवें विकेट के लिए 49(68)रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिला दी। 39 गेंद में 34 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद मर्फी वोक्स की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। अंत में टीम को 300 रन के पार पहुंचाने की कोशिश में कमिंस बाउंड्री पर बेन स्टोक्स के हाथों शानदार तरीके से लपके गए। अंत में जोश हेजलवुड 6 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। वहीं मार्क वुड, स्टुअर्ट ब्रॉड और जो रूट को 2-2 सफलता मिली। एक विकेट जेम्स एंडरसन के खाते में गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article