क्रिकेट

द्रविड़ की सलाह पर काउंटी क्रिकेट खेलने चले अर्शदीप सिंह, इस टीम के लिए दिखाएंगे दम

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 17, 2023, 08:09 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा गेंदबाज अर्शदीप सिंह काउंटी क्रिकेट में अपना दम दिखाने जा रहे हैं। उन्होंने आगामी सीजन के लिए इस टीम के साथ करार किया है।

Image

अर्शदीप सिंह(साभार Arshdeep Singh)

Photo : Twitter

चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके बांए हाथ के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह काउंटी क्रिकेट में हाथ आजमाने जा रहे हैं। उन्होंने आगामी काउंटी सीजन के लिए केंट की टीम के साथ पांच मैच खेलने के लिए करार किया है। 24 वर्षीय अर्शदीप भारत के लिए 3 वनडे और 26 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल चुके हैं। वनडे में वो विकेटों का खाता नहीं खोल सके हैं लेकिन टी20 में उन्होंने 17.78 के औसत और 8.39 की इकोनॉमी के साथ 41 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

केंट के लिए खेलने वाले चौथे भारतीय

वह कंवर शमशेर सिंह, राहुल द्रविड़ और नवदीप सैनी के बाद केंट के लिए खेलने वाले चौथे भारतीय होंगे। केंट के साथ दो महीने के करार पर अर्शदीप ने कहा, मैं इंग्लैंड में रेड बॉल क्रिकेट खेलने के लिए उत्साहित हूं। मैं प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने कौशल में सुधार की कोशिश करूंगा। मैं केंट के सदस्यों और फैन्स के सामने प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित हूं। राहुल द्रविड़ मुझे पहले ही इस क्लब के स्वर्णिम इतिहास से वाकिफ करा चुके हैं।

राहुल द्रविड़ की सलाह पर किया अमल

केंट काउंटी टीम ने अर्शदीप सिंह के साथ हुए करार की पुष्टि करते हुए बताया है कि वो उनके लिए 11 जून से 28 जुलाई के बीच पांच मैच खेलेंगे। अर्शदीप केंट के लिए पांच मैच खेलेंगे। टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ की सलाह पर अर्शदीप ने ये फैसला किया है।

केंट को है उनके रेड बॉल के साथ बेहतरीन प्रदर्शन का भरोसा

केंट के क्रिकेट निदेशक पॉल डाउन्टन ने अर्शदीप के साथ करार के बारे में कहा, हम अर्शदीप जैसे काबिल खिलाड़ी के करार करके खुश हैं। वो आगामी गर्मियों में हमारे साथ पांच मैच के लिए जुड़ेंगे। उनके अंदर गेंदबाजी की विश्व स्तरीय क्षमता है वो ये बात सीमित ओवरों की क्रिकेट में साबित कर चुके हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वो अपनी उस काबीलियत और क्षमता का पूरा उपयोग काउंटी चैंपियनशिप के दौरान हमारे लिए रेड बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए करेंगे।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ऐसा रहा है अर्शदीप का प्रदर्शन

पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अर्शदीप ने अबतक खेले 7 मैच की 12 पारियों में 23.84 के औसत से 25 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान 33 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article