क्रिकेट

IND vs ENG 5th Test: टेस्ट में डेब्यू के लिए तैयार है टी20 में टीम इंडिया का सबसे सफल बॉलर

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले 5वें टेस्ट में टीम इंडिया की ओर खिलाड़ी डेब्यू करने के लिए तैयार है। चौथे टेस्ट में ही उनके पास खेलने का मौका था, लेकिन इंजरी के कारण वह ऐसा नहीं कर पाए। अब ओवल में उनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है। टी20 में वह पहले ही खुद को साबित कर चुके हैं।

Image

अर्शदीप सिंह (साभार-X BCCI)

भारत और इंग्लैंड के बीच आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से लंदन ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम जिस फॉर्म में है उसके पास सीरीज में बराबरी करने का मौका है। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के खेलने पर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन फैंस के एक खुशखबरी यह है कि टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अगर आप क्रिकेट को थोड़ा भी करीब से जानते हैं तो आपको पता होगा कि हम और किसी की नहीं बल्कि अर्शदीप सिंह की बात कर रहे हैं। वह 93 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 99 विकेट लेकर टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

फिट हो चुके हैं अर्शदीप सिंह

टाइम्स ऑफ इंडिया की मानें तो अर्शदीप सिंह आखिरी दो टेस्ट के लिए टीम मैनेजमेंट के रडार पर थे, लेकिन चौथे टेस्ट से ठीक पहले उन्हें हाथ में चोट लग गई थी, लेकिन वह अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। मंगलवार को उन्होंने नेट्स पर गेंदबाजी भी की। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि जसप्रीत बुमराह के अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। अर्शदीप के अलावा ओवल, लंदन में मोहम्मद सिराज और आकाशदीप दो अन्य पेसर होंगे। आकाशदीप को भी चोट लगी थी, लेकिन अब वह वापसी के लिए तैयार हैं।

कैसा रहा है अर्शदीप सिंह का करियर

अर्शदीप सिंह की गिनती उन चुनिंदा गेंदबाजों में की जाती है जो गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने का हुनर रखते हैं। क्रिकेट पंडितों की मानें तो जहीर खान के बाद टीम इंडिया को बाएं हाथ का ऐसा कोई गेंदबाज मिला है। अर्शदीप 63 टी20 और 9 वनडे में क्रमश: 99 और 14 विकेट चटका चुके हैं। उनके आने से गेंदबाजी लाइनअप में लेफ्ट-राइट की विविधिता भी आएगी जो इंग्लैंड बल्लेबाजों के सामने मुश्किल पैदा कर सकती है।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन (India Playing XI For 5th Test)- यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर/कुलदीप यादव, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article