Arshdeep Singh Record: इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे टी20ई मैच में अर्शदीप सिंह के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। बाएं हाथ भारतीय गेंदबाज के पास पुरुषों के टी20आई में सबसे तेज 100 विकेट लेने की बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। पाकिस्तान के हारिस राउफ के नाम फिलहाल 71 टी20आई में यह रिकॉर्ड है। राउफ ने हाल ही में जून 2024 में न्यूयॉर्क में कनाडा के खिलाफ पुरुषों के टी20 विश्व कप मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी।
62 मैचों में, 25 वर्षीय अर्शदीप ने 8.27 की इकॉनमी रेट से 98 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार चार विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। भारत को मंगलवार, 28 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टी20आई में इंग्लैंड से भिड़ना है। अगर इसमें अर्शदीप दो विकेट ले लेते हैं तो इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लेंगे।
राशिद खान सबसे तेज
अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने 53वें T20I में यह मुकाम हासिल किया था। नेपाल के संदीप लामिछाने और श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा क्रमशः सूची में दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। अर्शदीप पुरुष T20I में 100 विकेट तक पहुंचने वाले पहले भारतीय भी बन जाएंगे। महिला T20I में, दीप्ति शर्मा ने यह रिकॉर्ड बनाया है।
पुरुषों के टी20आई में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले खिलाड़ी
राशिद खान – 53 मैच (अक्टूबर 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ)
संदीप लामिछाने – 54 मैच (जून 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ)
वानिंदु हसरंगा – 63 मैच (फरवरी 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ)
हैरिस रऊफ – 71 मैच (जून 2024 में कनाडा के खिलाफ)
एहसान खान – 71 मैच (अगस्त 2024 में मलेशिया के खिलाफ)
भारत के लिए अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन
इससे पहले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20आई में अर्शदीप भारत के लिए पुरुषों के टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए थे। उन्होंने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 80 मैचों में 96 विकेट लिए हैं। हार्दिक पांड्या और भुनेश्वर कुमार भी 90 विकेट लेने वालों में शामिल हैं। कोलकाता में पहले टी20 मैच में अर्शदीप ने 4-0-17-2 के आंकड़े के साथ भारत को सात विकेट से जीत दिलाई। भारतीयों में, दीप्ति शर्मा 124 टी20 मैचों में 138 विकेट लेकर सर्वकालिक अग्रणी विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
