क्रिकेट

विराट कोहली के खराब फॉर्म पर पूर्व कोच ने तोड़ी चुप्पी

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली का फॉर्म ठीक नहीं चल रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वह केवल 22 रन ही बना पाए, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले उनसे खासी उम्मीदें हैं।

Image

विराट कोहली (साभार-bcci)

Champions Trophy 2025: भारत के पूर्व कप्तान और कोच अनिल कुंबले का मानना है कि विराट कोहली फॉर्म में वापसी के लिए खुद पर बहुत अधिक दबाव बना रहे हैं और उन्होंने इस स्टार बल्लेबाज को तनाव मुक्त रहने की सलाह दी है। कोहली ने वनडे विश्व कप 2023 के बाद इस प्रारूप में जो छह पारियां खेली हैं उनमें वह केवल 137 रन ही बना पाए हैं जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।

कुंबले ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, ‘‘‘मुझे लगता है कि वह कुछ ज्यादा ही प्रयास कर रहे हैं। वह जिस तरह से अपनी पारी आगे बढ़ा रहे हैं उसमें आप इसे देख सकते हैं। उन्हें इसके बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रोहित शर्मा को देखिए वह खुलकर खेलते हैं क्योंकि आगे काफी बल्लेबाज हैं और वे सभी शानदार फॉर्म में हैं। इसी तरह से विराट को भी किसी चीज की चिंता किए बिना खुलकर खेलने की जरूरत है।’’ कुंबले ने कहा, ‘‘सभी खिलाड़ी अपने करियर में मुश्किल दौर से गुजरते हैं लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखकर मुझे ऐसा लगता है कि वह खुद पर बहुत अधिक दबाव डाल रहे हैं।’’

इस पूर्व भारतीय कप्तान का मानना है सहज होकर खेलने से कोहली इस खराब दौर से बाहर निकाल सकते हैं। कुंबले ने कहा, ‘‘जब आप पर इस तरह का दबाव होता है और आप पर अपेक्षाओं का बोझ बन जाता है तो आप अचानक ही इस तरह की चीजों को अनावश्यक महत्व देने लग जाते हो और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बहुत अधिक प्रयास करने लग जाते हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब आप ऐसा करते हो तो वास्तव में आप तनाव मुक्त नहीं होते हो। मुझे पूरा यकीन है कि जब उन्होंने अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली होगी तब वह इस तरह की चीजों के बारे में नहीं सोच रहे होंगे।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article