Andre Russell Retirement: वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर और पावर हिटर आंद्रे रसेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने यह घोषणा पहले ही कर दी थी कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज उनके करियर की अंतिम श्रृंखला होगी। बुधवार को सबीना पार्क में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने विदाई मैच खेला, हालांकि वेस्टइंडीज को इस मैच में 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा।
विदाई पारी में दिखी पुरानी चमक
आंद्रे रसेल ने अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच में भी अपने आक्रामक तेवर दिखाए। जब टीम ने 98 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए थे, उस समय रसेल क्रीज पर आए। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 44 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उनकी यह पारी एक बार फिर यह दर्शाती है कि वह क्यों इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक हिटर्स में गिने जाते हैं।
सबीना पार्क में मिली भावनात्मक विदाई
37 वर्षीय रसेल ने अपने होम ग्राउंड सबीना पार्क में अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहा। मैदान पर उतरते समय उन्हें साथी खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। मैच के बाद उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड, अपने प्रशंसकों और टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि 'मैं सबीना पार्क के लोगों और वेस्टइंडीज क्रिकेट को इसके लिए धन्यवाद कहना चाहता हूं। घरेलू दर्शकों के सामने खेलकर बहुत खुशी हुई।"
दो बार के टी20 वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी
आंद्रे रसेल 2012 और 2016 में टी20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। उन्होंने इन वर्षों में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी और धारदार गेंदबाज़ी से टीम को कई अहम मुकाबले जिताए। उन्होंने कहा कि "मुझे याद है कि हमने दो वर्ल्ड कप जीते, लेकिन अब आगे बढ़ने का समय है। हमारी टीम में कई अच्छे खिलाड़ी हैं, जो भविष्य में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।"
भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं
अपने बयान में रसेल ने वेस्टइंडीज के युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड, शेरफेन रदरफोर्ड, अल्जारी जोसेफ और जेसन होल्डर का नाम लेते हुए कहा कि टीम का भविष्य उज्जवल है। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे टीम को आगे भी समर्थन देते रहें।
