Time Now Summit 2026: भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर ने खुलासा किया कि 2025 महिला विश्व कप के दौरान इंग्लैंड से भारत की हार के बाद हुई एक टीम मीटिंग ने पूरे अभियान को कैसे बदल दिया। इसका श्रेय 37 वर्षीय हरमन ने मुख्य कोच अमोल मजूमदार को दिया जिनकी बातों ने टूर्नामेंट के लीग चरण में लगातार तीन मैच हारने के बावजूद टीम को प्रतियोगिता में वापस पटरी पर लाने में मदद की।
लगातार तीन मैच गंवाकर मुश्किल में थी टीम इंडिया
भारतीय महिला टीम को वनडे विश्व कप 2025 के भारत पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई थी। इस मुकाबले में कीवी टीम के खिलाफ जीत ने भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जगह पक्की कर दी। जहां जेमिमा रोड्रिग्ज की ऐतिहासिक शतकीय पारी की डिफेंडिंग चैंपियन के अभियान को समाप्त कर दिया। अंत में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में फाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देकर खिताबी जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया।
अमोल मजूमदार ने दिखाया आईना
इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम को कोच अमोल मजूमदार ने आईना दिखाया। भारतीय टीम ने अच्छी स्थिति में रहने के बाद इस मैच को गंवा दिया था। टाइम्स नाउ समिट 2026 में हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'निश्चित तौर पर वह उन मैचों में से एक था, जिसमें हमने जो योजना बनाई वो सफल हो रही थी क्योंकि हम उस दिन लक्ष्य का पीछा करना चाहते थे। हमने टॉस जीता और उसके बाद सोच रहे थे कि उन्हें 300 से अधिक रन नहीं बनाने देना है। वह भी हुआ और फिर हमें पता था कि अगर हम अच्छा खेले तो हम हमेशा उस लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। मैच में जब स्मृति और मैं बल्लेबाजी कर रहे थे तब हमने सोचा कि अब मैच हमारे नियंत्रण में है, लेकिन मेरे आउट होने के बाद अचानक बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और हम करीबी अंतर से हार गए। लेकिन उस मुकाबले के बाद बाद हमारी एक बहुत ही सकारात्मक बैठक हुई, जहा सर(अमोल मजूमदार) बोले, मैंने एक शब्द भी नहीं कहा क्योंकि कभी-कभी आपको लगता है कि सब कुछ नियंत्रण में था, लेकिन फिर भी आप हार जाते हैं।'
उस मीटिंग ने दी हमें स्पष्टता
हरमनप्रीत ने आगे कहा, 'उस दिन सर ने हर खिलाड़ी से बात की। उन्होंने वास्तव में हमें आईना दिखाया कि हमने आज क्या किया, हमें खेल खत्म करना चाहिए था। उस मैच के बाद हर किसी ने सर की हर बात को बहुत सकारात्मक रूप से लिया। जब हम मुंबई पहुंचे तो हर कोई इस बारे में और गंभीर लग रहा था कि हमें चीजों को आगे कैसे ले जाना है। मुझे लगता है कि उस मीटिंग ने हमें बहुत स्पष्टता दी। हमें जिन चीजों की आवश्यकता है, मुझे लगता है कि जब हम न्यूजीलैंड और अन्य मैच खेलने जा रहे थे, तो उसके बाद हर कोई काफी केंद्रित लग रहा था। मुझे लगता है कि एक टीम के रूप में हम वास्तव में मजबूती से उभरे क्योंकि यह कुछ ऐसा था जिसे हम वास्तव में करना चाहते थे। मुझे लगता है कि वह विश्व कप में एक महत्वपूर्ण मोड़ था जब चीजें सही नहीं चल रही थीं और उस बैठक ने टीम के माहौल को पूरी तरह से बदल दिया।'
यह जीत भारत में महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण पल था क्योंकि विमेन इन ब्लू ने इतिहास में पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट जीता और हरमनप्रीत का नाम विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान के रूप में स्वर्णिम दर्ज हो गया।
