क्रिकेट

ICC Women's Cricketer of the Year: कीवी ऑलराउंडर एमेलिया केर बनीं आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर, 2024 रहा था शानदार

ICC Women's Cricketer of the Year: 24 साल की कीवी ऑलराउंडर आईसीसी विमेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुन लीं गई हैं। उन्होंने लॉरा वोलवार्ट, चामरी अटापट्टू और अनाबेल सदरलैंड जैसी स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर महिला क्रिकेट का शीर्ष सम्मान हासिल किया।

Image

एमेलिया केर, आईसीसी विमेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर (साभार-X)

ICC Women's Cricketer of the Year: न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर एमेलिया केर ने मंगलवार को प्रतिष्ठित राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी पाने वाली अपने देश की पहली क्रिकेटर बनकर इतिहास रच दिया जब उन्हें 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया। चौबीस साल की एमेलिया ने लॉरा वोलवार्ट, चामरी अटापट्टू और अनाबेल सदरलैंड जैसी स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर महिला क्रिकेट का शीर्ष सम्मान हासिल किया।

अमेलिया ना केवल राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी जीतने वाली न्यूजीलैंड की पहली खिलाड़ी हैं, बल्कि किसी भी श्रेणी में आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर बनने वाली अपने देश की पहली खिलाड़ी भी हैं। पूरे साल के दौरान अमेलिया ने खेल के हर विभाग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तरीय ऑलराउंडर के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन क्षेत्ररक्षण ने न्यूजीलैंड को कई मौकों पर मुश्किल से उबारा जबकि लेग स्पिनर के रूप में उनके कौशल ने उन्हें दुनिया की सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक के रूप में स्थापित किया। अमेलिया ने कई मौकों पर गेंद से अपनी टीम के लिए मैच विजेता की भूमिका निभाई।

बल्ले से वह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा रहीं। उन्होंने शीर्ष क्रम की अच्छी शुरुआत का फायदा भी उठाया और शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने पर पारी को संभालने में भी सक्षम रहीं। पहली बार 2017 में शुरू की गई राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी को अमेलिया से पहले सिर्फ तीन खिलाड़ियों को दिया गया है जिसमें ऑस्ट्रेलिया की एलिस पैरी, भारत की स्मृति मंधाना और इंग्लैंड की नैट स्काइवर-ब्रंट शामिल हैं। इन तीनों ने दो-दो बार यह पुरस्कार जीता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article