कोलकाता नाईट राइडर्स का आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बदस्तूर जारी रहा। मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट 192 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन का बना सकी और 32 रन से मैच गंवा दिया। कोलकाता की यह पांच मैच में चौथी हार है। पंजाब के खिलाफ उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और उसी वजह से केकेआर का सीजन में खाता खुल सकी। केकेआर अंक तालिका में 5 मैच में चार हार और एक रद्द मुकाबले के साथ दसवें पायदान पर है। उसके खाते में एक अंक और नेट रन रेट -1.383 रन है।
बल्लेबाज नहीं हासिल कर पाए लय
सीएसके के खिलाफ हार के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ते हुए कहा, हमारी टीम को बल्ले से कोई खास मोमेंटम नहीं मिला। हमने गेंदबाजी में अच्छा कमबैक किया। इस विकेट पर 190 रन का स्कोर अच्छा था। पावरप्ले में उन्होंने 70 के आस-पास रन बना लिए थे उसके बाद उन्हें 190 के करीब रोककर हमारे गेंदबाजों ने शानदार काम किया।
पॉवरप्ले में पिछड़ा केकेआर
रहाणे ने आगे रहा, शुरुआत में हमारे बल्लेबाज पावरप्ले में सिर्फ 36 या 37 रन बनाए। पॉवरप्ले में बड़ा स्कोर खड़ा करना जरूरी था। बीच के ओवरों में स्पिनर्स के खिलाफ शॉट जड़ने में थोड़ी परेशानी हो रही थी इसके अलावा विकेट कुल मिलाकर अच्छा था। हमें एक बल्लेबाज को पिच पर टिकने की जरूरत थी ऐसा होता तो हम मैच में आखिर तक जाते। लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में ये थोड़ा मुश्किल है क्योंकि हम मैच नहीं जीत पा रहे हैं।
आगे के मैचों में सकारात्मक रहने की है जरूरत
रहाणे ने टीम के खिलाड़ियों को लगातार चौथी हार के बाद सकारात्मक रहने का संदेश देते हुए कहा, एक ग्रुप के रूप में हमें फिलहाल सकारात्मक रहना होगा। हां, हम मैच नहीं जीत रहे हैं, यह मुश्किल है। हमारे लिए एक ग्रुप के तौर पर सबसे ज़रूरी बात यह है कि हम सकारात्मक रहें, अपना सिर ऊंचा रखें, हिम्मत न हारें और केवल मौजूदा पल पर ध्यान दें। निश्चित तौर पर अब हमें ड्रेसिंग रूम में बैठकर टीम कॉम्बिनेशन के बारे में सोचना होगा। हमें कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं। कभी-कभी आप कुछ खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं और नतीजे आपके पक्ष में आते हैं, तो सब ठीक रहता है। लेकिन अगर नतीजे आपके पक्ष में नहीं आ रहे हैं, तो आपको कॉम्बिनेशन के बारे में सोचना पड़ता है।
कड़ी मेहनत कर रहे हैं कार्तिक
कार्तिक त्यागी की गेंदबाजी की प्रशंसा करते हुए रहाणे ने कहा, मुझे लगता है कि इसका पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। वह नेट्स में बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं शानदार गेंदबाज़ी कर रहे हैं। उनके अंदर ज़बरदस्त टैलेंट है। जिस रफ़्तार से वह इस समय गेंदबाज़ी कर रहे हैं, वह कमाल की है। इसलिए मैं उनके लिए बहुत खुश हूं। मैच दर मैच वह अपनी स्किल्स में सुधार कर रहे हैं।
स्पिनर्स ने की शानदार गेंदबाजी, आसान नहीं था छक्के जड़ना
अपने स्पिर्स की तिकड़ी की प्रशंसा करते हुए रहाणे ने कहा, हमारे तीनों स्पिनर्स ने अच्छी गेंदबाजी की। आप चेन्नई के स्पिनर्स को भी देखें तो उन्होंने भी बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की। इस पिच पर बल्लेबाज़ों के लिए बड़े छक्के मारना आसान नहीं था, जब तक कि गेंद बहुत ज़्यादा फुल-लेंथ न हो, नहीं तो गेंद को पीछे धकेलना और फिर क्रॉस-बैट शॉट खेलना बल्लेबाज़ों के लिए आसान विकल्प नहीं था। दोनों छोर से स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाज़ी की। अब हमें लीग में सिर ऊंचा रखते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना होगा।
