क्रिकेट

MI vs CSK: गजब हो गया, इस खिलाड़ी ने जड़ दिया IPL 2023 का सबसे तेज पचासा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 8, 2023, 10:51 PM IST

Fastest Fifty in IPL 2023: आईपीएल 2023 में पहली बार खेलते हुए अजिंक्य रहाणे ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सीजन का सबसे तेज पचासा जड़ दिया।

Image

अजिंक्य रहाणे( साभार IPL/BCCI)

मुंबई: टीम इंडिया से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू किया है। शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रहाणे को चेन्नई की जर्सी पहनकर पहली बार खेलने का मौका मिला। उन्होंने इसे खाली नहीं जाने दिया और 19 गेंद में ही धमाकेदार अंदाज में अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल 2023 में अबतक किसी भी खिलाड़ी द्वारा जड़ा गया सबसे तेज अर्धशतक है। इस पारी के दौरान रहाणे ने 19 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के जड़े।

27 गेंद में रहाणे ने बनाए 61 रन

रहाणे की पारी की अंत अनुभवी पीयुष चावला ने किया। 27 गेंद में 61 रन बनाकर रहाणे सूर्यकुमार यादव के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े। डेवोन कॉन्वे के पारी के पहले ओवर में जेसन बेहरेनडॉर्फ की गेंद पर खाता खोले बगैर बोल्ड होने के बाद नंबर तीन पर रहाणे बल्लेबाजी करने उतरे।

अर्शद खान के ओवर में जड़े चार चौके और एक छक्का

रहाणे ने मैदान पर उतरते ही अपने हाव-भाव जाहिर कर दिए। पारी के चौथे ओवर में रहाणे ने निशाने पर मुंबई के गेंदबाज अर्शद खान को लिया। रहाणे ने छक्के के साथ ओवर की शुरुआत की इसके बाद लगातार चार चौके जड़ दिए और अंतिम गेंद पर एक रन लेकर ओवर का अंत 23 रन बटोरकर किया। अर्शद खान के पास रहाणे के बल्ले को रोकने का कोई तरीका नहीं था।

शार्दुल ठाकुर और जोस बटलर को पछाड़ा

आईपीएल 2023 में रहाणे से पहले सबसे तेज अर्धशतक केकेआर के लिए खेलते हुए शार्दुल ठाकुर और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए जोस बटलर ने जड़ा था। दोनों ने इसके लिए 20-20 गेंदें खेली थीं। इसके बाद तीसरे पायदान पर लखनऊ के लिए खेल रहे कैरेबियाई बल्लेबाज काइल मेयर्स थे जिन्होंने 21 गेंद में और चेन्नई के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने 23 गेंद में मौजूदा सीजन में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जड़ा दूसरा सबसे तेज अर्धशतक

रहाणे के बल्ले से निकला आतिशी पचासा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी द्वारा आईपीएल में जड़ा दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। चेन्नई के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम दर्ज है। रैना ने 16 गेंद में पचासा जड़ा था। वहीं रहाणे के साथ साझा रूप से मोईन अली हैं। मोईन भी 19 गेंद में चेन्नई के लिए अर्धशतक जड़ चुके हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article