क्रिकेट

रिटायर होने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने अपनी नई पारी का किया ऐलान

Ajinkya Rahane All Set To Wear Commentator's Hat: भारतीय क्रिकेट को 18 साल अपनी सेवाएं देने के बाद हाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर होने वाले अजिंक्य रहाणे ने बहुत जल्द ही अपनी नई पारी का ऐलान कर दिया है। वो भारत और श्रीलंका के बीच आगामी टेस्ट सीरीज में कमेंट्री करते नजर आएंगे।

Image

अब अजिंक्य रहाणे करेंगे कमेंट्री (Instagram/Ajinkyarahane)

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। फैंस के मन में सवाल था कि अब रहाणे क्या करेंगे? तो इसका जवाब अब आ गया है। वो अपनी किस्मत कमेंट्री में आजमाने जा रहे हैं। भारत और श्रीलंका के बीच शुरू होने जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज में अजिंक्य रहाणे आपको पहली बार कमेंट्री बॉक्स में नजर आएंगे।

अजिंक्य रहाणे को 15 अगस्त को गॉल में शुरू होने वाली भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद लगभग 18 वर्षों तक चले अपने शानदार करियर को कुछ ही दिन पहले विराम देने वाले रहाणे अब कमेंटेटर के रूप में नई भूमिका में नजर आएंगे। करियर के दौरान रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच में 38.46 के औसत से 5,077 रन बनाए, जिनमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती थी। वो खेल को बेहतरीन तरह से समझते हैं, ऐसे में कमेंट्री में उनकी बातों का लुत्फ उठाना फैंस के लिए सुखद अनुभव होगा।

इस फैसले के बारे में जानकारी देते हुए रहाणे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत करने को लेकर उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का चरम बिंदु है और इतने वर्षों तक इस प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब खेल को एक अलग दृष्टिकोण से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं अपने अनुभव साझा करने, खेल की बारीकियों को समझाने और प्रशंसकों को उन फैसलों, रणनीति और क्षण के बारे में जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं जो टेस्ट मैच का रुख बदल सकते हैं।"

सिर्फ यही नहीं, मैदान पर भी लौट सकते हैं

वैसे, सिर्फ कमेंट्री ही नहीं, अजिंक्य रहाणे क्रिकेट के मैदान पर जल्द ही खिलाड़ी के रूप में भी सक्रिय होते नजर आ सकते हैं। ताजा खबरों के मुताबिक रहाणे दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग SA20 में खेल सकते हैं। कुछ ही समय बाद SA20 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होनी है और चर्चा है कि उसमें रहाणे का नाम भी होगा। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी क्रिस मॉरिस ने भी इस ओर इशारा करते हुए एक बयान दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि रहाणे कितने मोर्चे पर आने वाले दिनों में नजर आने वाले हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article