क्रिकेट

शतक जड़ने के बाद Virat Kohli ने खोला राज, बताया इतनी बड़ी पारी के बाद भी चेहरे पर थकान क्यों नहीं

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 10, 2023, 07:52 PM IST

Virat Kohli statement on his diet, IND vs SL 1st ODI: भारत-श्रीलंका पहले वनडे मुकाबले में गुवाहाटी के मैदान पर टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ा। साल 2023 का ये उनका पहला शतक है जबकि वनडे करियर का 45वां शतक। इस बेहतरीन पारी के बाद विराट कोहली ने अपनी डाइट से लेकर तमाम चीजों को लेकर खुलकर बात की।

Image

विराट कोहली का श्रीलंका के खिलाफ शतक (AP)

Virat Kohli's diet, India vs Sri Lanka 1st ODI: टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में एक बार फिर अपना हुनर दिखा दिया। कोहली ने साल 2023 की अपनी पहली ही पारी में शतक जड़ा जो उनके वनडे करियर का 45वां शतक जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का 73वां शतक साबित हुआ। इस शतकीय पारी के बाद कोहली ने बताया कि आखिर इस उम्र में उनकी फिटनेस का राज किया है।

विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में 113 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने 87 गेंदों में इस पारी को अंजाम दिया जिसमें 1 छक्का और 12 चौके शामिल रहे। इस दौरान कोहली ने कई साझेदारियां भी कीं। उनकी इस शतकीय पारी, रोहित शर्मा के 83 रन और शुभमन गिल के 70 रनों के दम पर टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 373 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

शतक के बाद विराट कोहली का बयान

अपने इस शानदार शतक के बाद विराट कोहली ने कई चीजों पर खुलकर बात की लेकिन उनके बयान की एक चीज जो सबसे ज्यादा वायरल हो रही है, वो है उनकी डाइट से जुड़ा बयान। विराट कोहली से जब ये पूछा गया कि इतनी बड़ी पारी खेलने के बावजूद उनके चेहरे पर थकान क्यों नजर नहीं आती? इस पर विराट कोहली ने कहा, "हां, मैंने थोड़ा ब्रेक लिया था। मेरा मानना है कि डाइट सबसे अहम है, खासतौर पर अपनी उम्र को देखूं। तीस की उम्र के बाद आपका खानपान कैसा है ये सबसे जरूरी हो जाता है। शारीरिक मेहनत से अब चीजों में बने रह सकते हैं, लेकिन ये सुनिश्चित करना जरूरी है कि आपका खानपान सही है। सिर्फ अपने वजन को कंट्रोल में रखना ही नहीं, बल्कि उन चीजों को भी खाना जरूरी है जो मैदान पर काम आए। मैं हमेशा वही खाता-पीता हूं जो मुझे तरोताजा रखे और मैं अपना 100 प्रतिशत हमेशा दे सकूं अपनी टीम के लिए।" यहां सुनें विराट कोहली की जुबानी।

मुझे खुशी है कि..

विराट कोहली ने आगे अपनी पारी और फॉर्म को लेकर कहा, "बांग्लादेश दौरे के बाद मैं काफी फ्रेश होकर आया हूं जहां दौरे के दूसरे हिस्से में मेरे लिए चीजें प्लान के हिसाब से नहीं गई थीं। मैं घरेलू सत्र का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। मुझे पूरी पारी बल्लेबाजी करनी थी, साथ ही एक अच्छे स्ट्राइक रेट को बनाते हुए। मुझे खुशी है कि मैं इस तरह खेल सका।"

किस्मत भी जरूरी होती है

शतकवीर कोहली ने आगे कहा, "किस्मत भी बहुत जरूरी है, उसका भी योगदान होता है। मैं अपना सिर झुकाकर उसका सम्मान करता हूं। मुझे खुशी है कि हम अतिरिक्त 30 रन जोड़ सके क्योंकि बाद में ओस भी गिरेगी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article