क्रिकेट

Rohit Sharma, IND vs SL 1st ODI: 'हिटमैन' रोहित शर्मा का धुआंधार अंदाज, धमाकेदार पारी से की साल की शुरुआत

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 10, 2023, 04:11 PM IST

Rohit Sharma, IND vs SL 1st ODI: टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच पहले वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार पारी को अंजाम देते हुए भारत को बढ़िया शुरुआत दिलाई। इसके साथ ही हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा लय में भी लौट आए हैं।

Image

रोहित शर्मा (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम श्रीलंका पहला वनडे मैच
  • रोहित शर्मा ने खेली शानदार पारी
  • नए साल का आगाज जोरदार पारी के साथ किया

Rohit Sharma, India vs Sri Lanka 1st ODI: गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर लय में लौट आए। लंबे समय से अपने फॉर्म के साथ-साथ फिटनेस से जूझ रहे रोहित शर्मा ने 2023 की शुरुआत एक अच्छी पारी के साथ की है। श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में कप्तान रोहित शर्मा ने जोरदार अर्धशतक जड़ा और साथ ही शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की।

भारत और श्रीलंका के बीच पहले वनडे में श्रीलंका ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। भारतीय टीम ने इस मैच में ईशान किशन की जगह शुभमन गिल को प्राथमिकता दी थी। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करने उतरे और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 143 रनों की बेहतरीन पार्टनरशिप कर डाली।

शुभमन गिल 70 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन रोहित शर्मा की पारी इस दौरान ज्यादा संतोषजनक रही। फैंस उनके लय में लौटने का इंतजार कर रहे थे और रोहित ने उन्हें निराश ना करते हुए सिर्फ 41 गेंदों में पचासा जड़ दिया। ये उनके वनडे करियर का 47वां अर्धशतक साबित हुआ। रोहित शर्मा ने 24वें ओवर में मधुशंका की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 67 गेंदों में 83 रनों की धुआंधार पारी खेली जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

रोहित ने इससे पहले मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ 7 दिसंबर 2022 को नाबाद 51 रनों की पारी खेलकर अपने फॉर्म में लौटने के संकेत जरूर दे दिए थे। लेकिन चोट के बाद वापसी करते हुए 83 रनों की बेहतरीन पारी से उन्होंने नए साल के अपने पहले मैच में ये साबित कर दिया कि इस साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए वो अभी से कमर कस चुके हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article