क्रिकेट

डेल स्टेन ने अफगानिस्तान के आईसीसी टूर्नामेंट जीतने को लेकर की सबसे बड़ी भविष्यवाणी

डेल स्टेन ने अफगानिस्तान के आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में प्रदर्शन को देखकर अगले एक दशक में उनके प्रदर्शन को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।

Image

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि तेजी से आगे बढ़ रही अफगानिस्तान की टीम के खिलाड़ी अगर मैदान पर सयंम से खेलना सीख लें तो अगले दशक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का सीमित ओवर का टूर्नामेंट जीत सकती है। अफगानिस्तान की टीम 2023 वनडे विश्व कप में नॉकआउट में जगह बनाने के करीब पहुंच गई थी जिसमें उसने पूर्व चैंपियन इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया था। पिछले साल के टी20 विश्व कप में टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी जिसमें उसने ऑस्ट्रेलिया को बाहर कर दिया था। अपने देश में युद्ध और अस्थिरता के बावजूद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अब सफेद गेंद के टूर्नामेंट में मजबूत टीम बन गई है।

अफगानिस्तानी खिलाड़ियों को सीखना होगा संयम

स्टेन ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा,'हम ऐसे समय में जी रहे हैं जिसमें लोग इतने संयमित नहीं हैं। हम इंस्टाग्राम स्टोरी को भी महज मुश्किल से दो सेकेंड देख पाते हैं और ऐसा लगता है कि अफगानिस्तान के खिलाड़ी भी क्रिकेट खेलते समय ऐसे ही होते हैं। संयम सबसे बड़ी चीज में से एक है जिसे अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को सीखने की जरूरत है। और एक बार जब वे ऐसा कर लेंगे तो अगले दशक में वे निश्चित रूप से आईसीसी टूर्नामेंट जीत सकते हैं।'

स्टेन ने कहा,'वे चाहते हैं कि चीजें इतनी जल्दी हो जायें कि हर गेंद विकेट लेने वाली होनी चाहिए। पारी बनाते हुए और विकेट लेने के लिए संयम नहीं है। बल्लेबाज भी ऐसा ही करते हैं। पहले ओवर में बल्लेबाजी में ही क्रीज पर इतनी अधिक हलचल होती क्योंकि वे छक्का मारने की कोशिश करते हैं और वे पारी को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं।'

अफगानिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना है बेहद कम

अफगानिस्तान की टीम इंग्लैंड को हराने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन तरफा मुकाबले में थी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका से पहले मैच में हारने और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल के बारिश की भेंट चढ़ने से उसे काफी नुकसान हुआ। आंकड़ों के हिसाब से अफगानिस्तान की टीम अब भी क्वालीफाई कर सकती है, अगर इंग्लैंड की टीम शनिवार को दक्षिण अफ्रीका पर बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ले। लेकिन इसकी संभावना कम है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका का नेट रेट 2.140 है जो अफगानिस्तान के माइनस 0.990 से काफी बेहतर है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article