भारत के खिलाफ टेस्ट से पहले अफगानिस्तान के मुख्य कोच रिचर्ड पायबस ने पिच और मैच के परिणाम को लेकर बात की। शुक्रवार को पायबस ने कहा कि भारत के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच का परिणाम काफी हद तक इस पर निर्भर करेगा कि दोनों टीम के बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी की चुनौती का सामना कैसे करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने तय कर दिया कि मुल्लांपुर की पिच स्पिन फ्रैंडली होगी। भारत और अफगानिस्तान दूसरी बार टेस्ट क्रिकेट में एक दूसरे का सामना करेंगे। इससे पहले इन दोनों टीम के बीच 2018 में बेंगलुरु में टेस्ट मैच खेला गया था जिसे भारत ने दो दिन के अंदर जीत लिया था।
पायबस ने टेस्ट की पूर्व संध्या पर यहां पत्रकारों से कहा, ’’पिच पर घास कब तक बनी रहती है और दोनों टीम के बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजों का किस तरह से सामना करते हैं, इससे भी टेस्ट मैच का परिणाम तय होगा।’’ अफगानिस्तान की टीम में उनके स्टार स्पिनर राशिद खान नहीं हैं, जिन्हें कार्यभार प्रबंधन के तहत विश्राम दिया गया है। यह लेग स्पिनर आईपीएल में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेला था और उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी।
पायबस ने कहा कि राशिद को लंबे समय से पीठ से जुड़ी समस्या रही है। उन्होंने कहा, ’’राशिद खान को लंबे समय से पीठ की समस्या है, लेकिन अगर उनकी टेस्ट क्रिकेट में खेलने की कोई संभावना है तो मैं उनसे बात करूंगा।’’ पायबस ने जोनाथन ट्रॉट से यह पद संभाला और उन्होंने अफगानिस्तान की टीम को लेकर इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज से भी बात की थी। उन्होंने कहा, ’’मैंने जोनाथन ट्रॉट से बातचीत करके उनके सफर को समझा और टीम को तैयार करने के लिए उन्हें बधाई दी।
भारत-अफगानिस्तान की टीम-
अफगानिस्तान टीम: अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, अज़मतुल्लाह उमरजई, अफसर ज़ज़ई (डब्ल्यू), शराफुद्दीन अशरफ, जियाउर्र रहमान शरीफी, काइस अहमद, बिलाल सामी, मोहम्मद सलीम सफी, नांगेयालिया खारोटे, रहमानुल्लाह, सेदिकुल्लाह अटल, इकराम अलीखिल
भारतीय टीम: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर ब्रार, हर्ष दुबे, देवदत्त पडिक्कल, मानव सुथार
