शहर

Delhi Traffic: आज दिल्ली में शादियों के चलते लगेगा जाम, सड़क पर उतरेंगी 5000 अतिरिक्त गाड़ियां, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी

Delhi Traffic Advisory: दक्षिण दिल्ली में शनिवार 21 नवंबर को 27 से अधिक विवाह समारोहों के कारण भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर एमजी रोड, अनुव्रत मार्ग और 100 फुटा रोड से बचने तथा मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

Image

शादियों के चलते दिल्ली में ट्रैफिक बदला

Delhi Traffic Advisory: इसी वजह से आज शनिवार को दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर गाड़ियों की लंबी रफ्तार थम सकती है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार को केवल दक्षिण दिल्ली क्षेत्र में 27 से अधिक बड़े विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं। इन समारोहों में 12,000 से अधिक मेहमानों के जुटने और सड़कों पर लगभग 5,000 से ज्यादा अतिरिक्त वाहनों के उतरने का अनुमान है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर मुसाफिरों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा सबसे ज्यादा प्रभावित

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अधिकांश मैरिज गार्डेन, फार्महाउस और बैंक्वेट हॉल एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), बंध रोड, मंडी रोड और MG रोड के आसपास स्थित हैं। इसके चलते आसपास के मुख्य कनेक्टिंग रूट्स पर गाड़ियों का दबाव बेहद अधिक रहेगा।

प्रभावित होने वाले मुख्य मार्ग:

  • एसएसएन मार्ग
  • 100 फुटा रोड
  • अनुव्रत मार्ग
  • अरबिंदो मार्ग
  • मंडी रोड
  • जौनापुर रोड
  • महरौली-गुरुग्राम रोड
  • महरौली-महिपालपुर रोड

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह: मेट्रो का करें इस्तेमाल

सड़कों पर लगने वाले घंटों लंबे जाम, ईंधन की बर्बादी और समय की क्षति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से विशेष अपील की है। दैनिक यात्रियों और उस रूट से गुजरने वालों को सलाह दी गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करें ताकि समय और ईंधन दोनों की बचत हो सके। यदि उस मार्ग से जाना अपरिहार्य हो, तो अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर लाइव अपडेट्स और डायवर्जन चेक करके ही निकलें। विवाह समारोहों में शामिल होने वाले अतिथियों और चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी गाड़ियां केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ी करें और सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने से बचें, क्योंकि इससे जाम और अधिक गहरा सकता है।

मैदान में तैनात जवान, हेल्पलाइन नंबर जारी

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रमुख चौराहों और प्रभावित मार्गों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। किसी भी ट्रैफिक संबंधित समस्या के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर- 1095 पर संपर्क किया जा सकता है और आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर कॉल कर सकते हैं। यदि आप शनिवार शाम दक्षिण दिल्ली या गुरुग्राम की ओर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो वैकल्पिक मार्गों का चयन करना ही समझदारी होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article