क्रिकेट

'नए मिस्‍टर 360 डिग्री', एबी डिविलियर्स ने सूर्यकुमार यादव के साथ तुलना पर दिया शानदार रिएक्‍शन

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Nov 6, 2022, 09:42 PM IST

Ab De Villiers reaction on Suryakumar Yadav: एबी डिविलियर्स के साथ तुलना पर सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि सिर्फ एक ही मिस्‍टर 360 डिग्री हो सकते हैं और वो हैं एबी डिविलियर्स। इसके जवाब में एबी डिविलियर्स ने सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की और कहा कि भारतीय बल्‍लेबाज बहुत जल्‍द उस स्‍तर पर पहुंच रहे हैं।

Image

एबी डिविलियर्स और सूर्यकुमार यादव

Photo : TN Sports Desk
KEY HIGHLIGHTS
  • सूर्यकुमार यादव ने जिंबाब्‍वे के खिलाफ 25 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए
  • फैंस ने सूर्यकुमार यादव को नया मिस्‍टर 360 डिग्री क्रिकेटर नाम दिया
  • एबी डिविलियर्स ने सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की

नई दिल्‍ली: भारतीय टीम (India Cricket team) ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर टी20 वर्ल्‍ड कप (T20 World Cup) के सुपर-12 राउंड के अपने अंतिम मैच में जिंबाब्‍वे (Zimbabwe Cricket team) को 71 रन से मात दी और सेमीफाइनल में जगह पक्‍की की। भारतीय टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करके 186/5 का स्‍कोर बनाया। टीम को इस स्‍कोर तक पहुंचाने में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने अहम भूमिका निभाई, जिन्‍होंने 25 गेंदों में छह चौके और चार छक्‍के की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। इस पारी का प्रभाव इतना ज्‍यादा रहा कि असली मिस्‍टर 360 डिग्री ने मुंबई के दाएं हाथ के बल्‍लेबाज की तारीफ की।

सूर्यकुमार यादव ने पिच पर सभी तरह के शॉट्स खेले। सूर्यकुमार यादव ने स्‍कूप शॉट के जरिये काफी रन बटोरे। इस पारी को देखने के बाद कई फैंस ने सूर्यकुमार यादव को नया मिस्‍टर 360 डिग्री कहना शुरू कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की तुलना दक्षिण अफ्रीका के दिग्‍गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स से हो रही है। वैसे, जब डिविलियर्स के साथ तुलना के बारे में पूछा गया तो सूर्यकुमार यादव ने जवाब दिया कि सिर्फ एक ही मिस्‍टर 360 डिग्री हो सकते हैं और वो हैं एबी डिविलियर्स। सूर्या ने कहा था, 'वहां सिर्फ एक मिस्‍टर 360 डिग्री हैं और मैं उनके जैसे खेलने की कोशिश करता हूं।'

इसके जवाब में एबी डिविलियर्स ने सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की और कहा कि भारतीय बल्‍लेबाज जल्‍द ही उस स्‍तर पर पहुंच रहा है। एबी डिविलियर्स ने ट्वीट किया, 'आप बहुत जल्‍द वहां पहुंच रहे हो दोस्‍त और आगे जाआगे। आज शानदार खेले।'

सूर्यकुमार यादव इस पारी के दौरान साल 2022 में 1000 या ज्‍यादा टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्‍लेबाज बने। वैसे, एक कैलेंडर ईयर में 1000 या ज्‍यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले वो दुनिया के दूसरे बल्‍लेबाज बने। इससे पहले 2021 में मोहम्‍मद रिजवान ने यह आंकड़ा पार किया था। सूर्यकुमार यादव इस समय टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्‍लेबाज बने हुए हैं।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article